- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- पुणे
- /
- बम धमकी वाले ई-मेल से पुणे में...
Pune City News: बम धमकी वाले ई-मेल से पुणे में हड़कंप, महानगरपालिका मुख्यालय खाली कराया गया

भास्कर न्यूज, पुणे। पुणे महापौर कार्यालय की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर बम धमकी मिलने के बाद मंगलवार को शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। धमकी भरे ई-मेल में पुणे महानगरपालिका मुख्यालय, नागपुर के कुछ स्थानों तथा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के मुख्यालय को बम हमले का संभावित निशाना बताया गया था। इसके बाद एहतियातन पीएमसी मुख्यालय को खाली कराकर व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया गया।
जानकारी के अनुसार, ई-मेल में इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस के इस्तेमाल का उल्लेख करते हुए हमले के लिए कुछ तारीखों और समय का भी जिक्र किया गया था। धमकी मिलने के तुरंत बाद पुणे पुलिस, बम निरोधक एवं निस्तारण दस्ता और साइबर क्राइम सेल को सक्रिय कर दिया गया।
महानगरपालिका प्रशासन ने बताया कि नगर आयुक्त नवल किशोर राम के निर्देश पर मुख्य भवन को तत्काल खाली कराया गया। सुरक्षा एजेंसियों ने परिसर के प्रत्येक हिस्से की बारीकी से जांच शुरू कर दी है। तलाशी अभियान पूरा होने और भवन को सुरक्षित घोषित किए जाने तक परिसर में प्रवेश पर रोक लगा दी गई है।
अधिकारियों ने बताया कि ई-मेल के स्रोत का पता लगाने के लिए तकनीकी जांच की जा रही है। साइबर विशेषज्ञ ई-मेल की उत्पत्ति और भेजने वाले की पहचान करने का प्रयास कर रहे हैं। फिलहाल जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है, लेकिन किसी भी संभावित खतरे को देखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
Created On :   10 Jun 2026 8:46 PM IST












