Maharashtra Politics: महाराष्ट्र में बड़ा उलटफेर! बीजेपी और उद्धव गुट से इस पार्टी का थामा दामन, क्या होने वाला है बड़ा खेला

महाराष्ट्र में बड़ा उलटफेर! बीजेपी और उद्धव गुट से इस पार्टी का थामा दामन, क्या होने वाला है बड़ा खेला
महाराष्ट्र में गुरुवार को बीजेपी और उद्धव ठाकरे की पार्टी शिवसेना को बड़ा झटका लगा है। ठाणे जिले के कल्याण डोंबिवली क्षेत्र के 7 पूर्व पार्षद, बीजेपी-शिवसेना (यूबीटी) के लगभग 80 पदाधिकारी और उनके सैकड़ों समर्थक एकनाथ शिंदे की शिवसेना में शामिल हो गए हैं।

डिजिटल डेस्क, मुंबई। महाराष्ट्र में गुरुवार को बीजेपी और उद्धव ठाकरे की पार्टी शिवसेना को बड़ा झटका लगा है। ठाणे जिले के कल्याण डोंबिवली क्षेत्र के 7 पूर्व पार्षद, बीजेपी-शिवसेना (यूबीटी) के लगभग 80 पदाधिकारी और उनके सैकड़ों समर्थक एकनाथ शिंदे की शिवसेना में शामिल हो गए हैं। कल्याण से शिवसेना (शिंदे गुट) सांसद श्रीकांत शिंदे की मौजूदगी में ये सभी नेता शामिल हुए थे।

बीजेपी और शिवसेना के नेता शिवसेना (शिंदे गुट) में हुए शामिल

शिवसेना (शिंदे गुट) में शामिल होने वाले नेताओं में बीजेपी के दो पूर्व पार्षद दंपति श्रीकर चौधरी और उनकी पत्नी प्रमिला चौधरी तथा शैलेश धात्रक और उनकी पत्नी मनीषा धात्रक अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ एकनाथ शिंदे गुट वाली शिवसेना में शामिल हो गए। ये दोनों दंपति लंबे समय तक महानगरपालिका के दो-दो वार्ड का प्रतिनिधित्व करते रहे हैं और उनके पार्टी छोड़ने को बीजेपी के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर श्रीकांत शिंदे ने लिखा, "राज्य के उपमुख्यमंत्री और शिवसेना अध्यक्ष एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में शिवसेना पूरे राज्य में पूरी ऊर्जा के साथ काम कर रही है। इसी पृष्ठभूमि में, राज्य के विभिन्न दलों के नेता, निर्वाचित प्रतिनिधि, पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शिवसेना में शामिल हो रहे हैं।"

शिंदे गुट के नेता श्रीकांत शिंदे ने एक्स पर की पुष्टि

बता दें, शिवसेना (शिंदे गुट) की ओर से गुरुवार को विज्ञापति जारी की थी। इसके मुताबिक, कल्याण-डोंबिवली महानगरपालिका (केडीएमसी) की सेवानिवृत्त सहायक आयुक्त हेमा मुंबरकर, उनके परिवार के सदस्य और समर्थक भी पार्टी में शामिल हो गए। शिवसेना के सीनियर नेताओं का मानना है कि इससे पार्टी को फायदा पहुंचेगा।

इस मौके पर श्रीकांत शिंदे ने कहा, "मुंबरकर के 38 वर्षों के प्रशासनिक अनुभव का पार्टी को लाभ मिलेगा।" वहीं, युवा सेना के नेता योगेंद्र भोईर, ट्विंकल भोईर, डोंबिवली, कल्याण और अंबरनाथ क्षेत्रों में ठाकरे गुट के लगभग 200 स्थानीय पदाधिकारियों ने भी पाला बदलते हुए एकनाथ शिंदे की शिवसेना में शामिल हुए हैं।

Created On :   4 Jun 2026 7:01 PM IST

Tags

Next Story