- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- पुणे
- /
- दहेज के दबाव में दो विवाहिताओं ने...
Pune City News: दहेज के दबाव में दो विवाहिताओं ने दी जान

भास्कर न्यूज, पुणे। मायके से पैसे लाने के लिए लगातार दबाव और प्रताड़ना से परेशान होकर दो विवाहित महिलाओं द्वारा आत्महत्या किए जाने की घटनाएं सामने आई हैं। ये घटनाएं पुणे के चंदननगर और वाघोली क्षेत्र में हुईं। दोनों मामलों में पुलिस ने पति सहित अन्य ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। हाल के दिनों में पुणे में दहेज और मायके से पैसे लाने के दबाव के कारण आत्महत्या की घटनाओं में बढ़ोतरी देखी जा रही है।
चंदननगर के तुकारामनगर क्षेत्र में 3 जून को 25 वर्षीय तेजस्विनी गोरख सोनवणे ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आरोप है कि पति और ससुराल पक्ष मोटरसाइकिल तथा घर खरीदने के लिए मायके से पैसे लाने का दबाव बना रहे थे। लगातार हो रही प्रताड़ना से परेशान होकर तेजस्विनी ने यह कदम उठाया। इस मामले में चंदननगर पुलिस ने पति गोरख संभाजी सोनवणे (33) को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, सास और ससुर के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है।
वहीं, दूसरी घटना वाघोली में 1 जून को सामने आई। 25 वर्षीय प्रियंका गणेश कांबले ने कथित रूप से लगातार पैसों की मांग और मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या कर ली। इस मामले में प्रियंका की रिश्तेदार अनिता वाघमारे ने वाघोली पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने पति गणेश दिगंबर कांबले (30), मूल निवासी नांदेड़, को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस दोनों मामलों में आत्महत्या के लिए उकसाने, दहेज प्रताड़ना और अन्य संबंधित धाराओं के तहत जांच कर रही है। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने समाज में दहेज और आर्थिक उत्पीड़न की गंभीर समस्या को एक बार फिर उजागर कर दिया है।
Created On :   4 Jun 2026 8:42 PM IST












