- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- पुणे
- /
- विप्रो पर मानसिक उत्पीड़न और जबरन...
Pune City News: विप्रो पर मानसिक उत्पीड़न और जबरन इस्तीफे का आरोप

भास्कर न्यूज, पुणे। आईटी क्षेत्र की प्रमुख कंपनी विप्रो में कार्यरत एक महिला कर्मचारी ने अपनी सहकर्मी महिला कर्मचारी पर मानसिक उत्पीड़न का आरोप लगाया है। पीड़िता की ओर से आयोजित पत्रकार परिषद में दावा किया गया कि उसे शारीरिक संबंध स्थापित करने के लिए एक अन्य धर्म के व्यक्ति के माध्यम से मानसिक दबाव में रखा गया तथा विभिन्न प्रकार के प्रलोभन और आमिष भी दिए गए।
पीड़िता का आरोप है कि जब उसने इस संबंध में कंपनी प्रशासन से शिकायत की तो दोषी के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय कंपनी ने उसी के खिलाफ कदम उठाए और उसे नौकरी छोड़ने के लिए मजबूर किया। महिला का कहना है कि कंपनी प्रशासन ने उसकी बात सुने बिना एकतरफा निर्णय लिया और उसे राजीनामा देने के लिए बाध्य किया।
पीड़िता की ओर से अधिवक्ताओं के माध्यम से कंपनी प्रशासन को कानूनी नोटिस भेजा गया है। नोटिस में मांग की गई है कि कथित रूप से दबाव में लिया गया इस्तीफा तत्काल निरस्त किया जाए, पीड़िता को सम्मानपूर्वक पुनः सेवा में बहाल किया जाए, 50 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाए तथा कंपनी की ओर से लिखित माफी मांगी जाए। साथ ही आरोपितों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की भी मांग की गई है।
इस मामले में पीड़िता की ओर से हिंदू जनजागृति समिति के राज्य संयोजक सुनील घनवट ने चेतावनी दी है कि यदि कंपनी प्रशासन 15 दिनों के भीतर उचित कदम नहीं उठाता है तो न्यायालय का दरवाजा खटखटाया जाएगा।
वहीं, हिंजवड़ी पुलिस थाने के वरिष्ठ निरीक्षक बालाजी पांढरे ने बताया कि विप्रो की एक महिला कर्मचारी द्वारा अपनी सहकर्मी के खिलाफ मानसिक उत्पीड़न की शिकायत दी गई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि सहकर्मी महिला ने कुछ आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया था। मामले की जांच के लिए संबंधित महिला कर्मचारी तथा कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों को पूछताछ हेतु बुलाया गया है और जांच जारी है।
Created On :   4 Jun 2026 8:59 PM IST












