राकांपा अजित गुट में बड़े संगठनात्मक बदलाव की तैयारी, सुनेत्रा पवार ने वरिष्ठ नेताओं के साथ की बैठक

राकांपा अजित गुट में बड़े संगठनात्मक बदलाव की तैयारी, सुनेत्रा पवार ने वरिष्ठ नेताओं के साथ की बैठक
  • जल्द महिला प्रदेशाध्यक्ष और युवा अध्यक्ष पद पर होगी नियुक्ति
  • महिला प्रदेश अध्यक्ष पद पर वैशाली नागवडे की चर्चा

Mumbai News. राकांपा (अजित) में संगठनात्मक फेरबदल की प्रक्रिया तेज हो गई है। उपमुख्यमंत्री एवं राकांपा (अजित) अध्यक्ष सुनेत्रा पवार के आवास ‘देवगिरी’ बंगले पर पार्टी के शीर्ष नेताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक हुई, जिसमें रिक्त पदों को भरने और कई संगठनात्मक नियुक्तियों पर चर्चा की गई। सूत्रों के अनुसार महिला प्रदेश अध्यक्ष समेत कई अहम पदों पर जल्द ही नई नियुक्तियों की घोषणा हो सकती है। बैठक में वरिष्ठ नेता छगन भुजबल, प्रफुल्ल पटेल, प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे, पार्थ पवार और खुद सुनेत्रा पवार सहित पार्टी के कई प्रमुख नेता मौजूद रहे।

महिला प्रदेश अध्यक्ष पद पर वैशाली नागवडे की चर्चा

सूत्रों के मुताबिक पार्टी की महिला प्रदेश अध्यक्ष के पद पर वैशाली नागवडे का नाम लगभग तय माना जा रहा है। वहीं छात्र संगठन के अध्यक्ष पद पर आकाश झांबरे और युवक अध्यक्ष पद पर निखिल ठाकरे की नियुक्ति की भी चर्चा है। छात्र और युवा संगठन के कुछ वर्तमान पदाधिकारियों को दोबारा जिम्मेदारी दिए जाने की संभावना जताई जा रही है।

रुपाली चाकणकर के इस्तीफे के बाद खाली हुआ था पद

महिला प्रदेश अध्यक्ष का पद रुपाली चाकणकर के इस्तीफे के बाद से रिक्त पड़ा है। मार्च 2026 में नासिक के कथित विवादित धर्मगुरु अशोक खरात प्रकरण के बाद चाकणकर को राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष और पार्टी के महिला प्रदेश अध्यक्ष, दोनों पदों से इस्तीफा देना पड़ा था। खरात पर कई महिलाओं के साथ यौन शोषण के आरोप लगे थे। मामले में उनका नाम सामने आने के बाद विपक्ष ने राकांपा (अजित) पर निशाना साधा था। बढ़ते राजनीतिक दबाव के बीच चाकणकर को महिला आयोग के अध्यक्ष और पार्टी के महिला प्रदेशाध्यक्ष पद से इस्तीफा देना पड़ा था।

जल्द हो सकती है आधिकारिक घोषणा

पार्टी सूत्रों का कहना है कि संगठनात्मक बदलावों को लेकर शीर्ष नेतृत्व के बीच व्यापक सहमति बन चुकी है। माना जा रहा है कि अगले कुछ दिनों में पार्टी की ओर से नई नियुक्तियों की औपचारिक घोषणा की जा सकती है। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि नए चेहरों को जिम्मेदारी देने से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी और आगामी चुनावों में इसका लाभ मिल सकता है।

Created On :   16 Jun 2026 9:40 PM IST

Tags

Next Story