Pune City News: फायर सेफ्टी नियमों की अनदेखी पर 650 स्कूलों को नोटिस

फायर सेफ्टी नियमों की अनदेखी पर 650 स्कूलों को नोटिस
अग्नि सुरक्षा प्रमाणपत्र और फायर ऑडिट रिपोर्ट जमा करने के निर्देश

भास्कर न्यूज, पुणे। पिंपरी-चिंचवड़ शहर की सैकड़ों स्कूलों में अग्नि सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। अग्निशमन विभाग की जांच में सामने आया है कि कई शैक्षणिक संस्थाओं ने अब तक अनिवार्य अग्नि सुरक्षा पूर्तता प्रमाणपत्र (फायर सेफ्टी सर्टिफिकेट) प्राप्त नहीं किया है। इसके बाद महानगरपालिका के अग्निशमन विभाग ने शहर की सभी 650 स्कूलों को ई-मेल के माध्यम से नोटिस जारी कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

महानगरपालिका के अनुसार शहर में 540 निजी और 110 मनपा संचालित स्कूलें हैं। नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत के साथ ही विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए स्कूलों में अग्निशमन व्यवस्था की समीक्षा शुरू की गई है। नियमों के तहत प्रत्येक शैक्षणिक संस्था के लिए स्कूल व्यवसाय अग्नि सुरक्षा पूर्तता प्रमाणपत्र प्राप्त करना अनिवार्य है।

अग्निशमन विभाग ने स्कूल प्रबंधन को आग से बचाव संबंधी सभी उपकरण और व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने, शासन मान्यता प्राप्त एजेंसी से फायर ऑडिट कराने तथा उसकी रिपोर्ट मनपा को सौंपने के निर्देश दिए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि फायर ऑडिट में पाई जाने वाली कमियों को तत्काल दूर करना होगा।

स्कूलों को महानगरपालिका के ऑनलाइन पोर्टल पर पंजीकरण कर 10 दिनों के भीतर फायर सेफ्टी प्रमाणपत्र के लिए आवेदन करने को कहा गया है। अग्निशमन विभाग जरूरत पड़ने पर संस्थाओं को तकनीकी मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराएगा।

अग्निशमन विभाग के उपायुक्त व्यंकटेश दुर्वास ने कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शैक्षणिक संस्था के लिए अग्नि सुरक्षा नियमों का पालन करना अनिवार्य है और इसकी नियमित जांच की जा रही है। किसी भी संभावित दुर्घटना को रोकना और विद्यार्थियों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना महानगरपालिका का प्रमुख उद्देश्य है।

Created On :   15 Jun 2026 8:27 PM IST

Tags

Next Story