Dev Uthani Ekadashi 2026: देवउठनी एकादशी पर इस मुहूर्त में जगाएं भगवान, जानिए पूजा की सामग्री और सही विधि

डिजिटल डेस्क, भोपाल। हिंदू धर्म में देवउठनी एकादशी (Dev Uthani Ekadashi) का विशेष महत्व है। इस दिन भगवान विष्णु चार महीने की योग निद्रा से जागते हैं। इसी के साथ चातुर्मास समाप्त हो जाता है और शादी-विवाह, गृह प्रवेश समेत दूसरे मांगलिक कार्यों की शुरुआत हो जाती है। कार्तिक महीने के शुक्ल पक्ष की इस पवित्र एकादशी को देवोत्थान एकादशी और प्रबोधिनी एकादशी के नाम से भी जाना जाता है। इस साल यह एकादशी 20 नवंबर 2026, शुक्रवार को पड़ रही है।
इस दिन भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की पूजा करने, व्रत रखने और तुलसी पूजन करने की परंपरा है। आइए जानते हैं साल 2026 में देवउठनी एकादशी कब है, पूजा का शुभ मुहूर्त क्या रहेगा, व्रत का पारण कब होगा और क्या है पूजा विधि...
यह भी पढ़े -20 नवंबर से फिर गूंजेंगी शहनाइयां, 23 दिन में मिलेंगे शादी के 16 शुभ मुहूर्त, 2027 में मिलेंगे विवाह के 96 दिन
एकादशी तिथि कब से कब तक
एकादशी तिथि शुरू: 20 नवंबर 2026, शुक्रवार की सुबह 7 बजकर 15 मिनट से।
एकादशी तिथि समाप्त: 21 नवंबर 2026, शनिवार की सुबह 6 बजकर 31 मिनट पर।
एकादशी व्रत का पारण: 21 नवंबर को व्रत का पारण किया जाएगा।
देवउठनी एकादशी 2026 पूजा का शुभ मुहूर्त
ब्रह्म मुहूर्त: सुबह 5:01 बजे से 5:54 बजे तक।
अभिजीत मुहूर्त: सुबह 11:45 बजे से दोपहर 12:28 बजे तक।
गोधूलि मुहूर्त: शाम 5:26 बजे से 5:52 बजे तक।
देवउठनी एकादशी की पूजा सामग्री
भगवान विष्णु की तस्वीर या प्रतिमा, माता लक्ष्मी की तस्वीर, फूल और माला, तुलसी दल, चंदन और रोली, अक्षत यानी साबुत चावल, धूप और अगरबत्ती, घी और दीपक, फल और मिठाई, पंचामृत, गंगाजल, नारियल, गन्ना, मौसमी फल और पूजा की अन्य सामग्री।
यह भी पढ़े -शनिवार को भूलकर भी न करें ये 7 काम, शनिदेव की नाराजगी से बचना है तो जान लें ये जरूरी नियम
देवउठनी एकादशी की पूजा विधि
- एकादशी के दिन सुबह जल्दी उठें और स्नान करके साफ-सुथरे कपड़े पहनें।
- इसके बाद भगवान विष्णु का ध्यान करते हुए व्रत का संकल्प लें।
- घर के मंदिर और पूजा स्थल की अच्छी तरह सफाई करें।
- इसके बाद भगवान विष्णु की प्रतिमा या तस्वीर स्थापित करें। पूजा स्थल पर दीपक जलाएं।
- भगवान विष्णु को पीले फूल, फल, अक्षत, चंदन, धूप और दीप अर्पित करें।
- पूजा में तुलसी के पत्तों का विशेष महत्व है। भगवान विष्णु को तुलसी दल जरूर चढ़ाएं।
- पूजा के दौरान भगवान विष्णु के मंत्रों का जाप करें।
- इसके साथ ही देवउठनी एकादशी की व्रत कथा पढ़ें या सुनें।
- आप विष्णु सहस्रनाम और विष्णु चालीसा का पाठ भी कर सकते हैं।
- शाम को घर के मंदिर में घी का दीपक जलाएं।
- भगवान विष्णु की आरती करें और शंख तथा घंटी बजाकर उनके जागने की प्रार्थना करें।
गन्ने का मंडप बनाने की परंपरा
देवउठनी एकादशी पर भगवान विष्णु को योग निद्रा से जगाने की परंपरा है। इसके लिए भक्त शंख और घंटी बजाते हैं और भजन-कीर्तन करते हैं। कई जगहों पर गन्ने से मंडप बनाकर भगवान की पूजा की जाती है। इस दौरान गन्ने से बने मंडप की परिक्रमा की जाती है, इस दौरान उठो देव- जागो देव...कहकर देवों को जगाया जाता है। इसी के साथ तुलसी के पौधे के पास दीपक जलाकर माता तुलसी को रोली, अक्षत और फूल अर्पित किए जाते हैं। कई घरों में इस दिन तुलसी विवाह का आयोजन भी किया जाता है।
डिसक्लेमरः इस आलेख में दी गई जानकारी अलग अलग किताब और अध्ययन के आधार पर दी गई है। bhaskarhindi.com यह दावा नहीं करता कि ये जानकारी पूरी तरह सही है। पूरी और सही जानकारी के लिए संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञ (ज्योतिष/वास्तुशास्त्री/ अन्य एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें।
Created On :  
