Mahakumbh 2025: सोमवार से शुरू होगा महाकुंभ, पहले अमृत स्नान पर बन रहा ये संयोग

डिजिटल डेस्क, भोपाल। हिन्दू धर्म का सबसे बड़ा धार्मिक आयोजन महाकुंभ (Mahakumbh) 13 जनवरी 2025, सोमवार से शुरू होने जा रहा है। पूरे 12 वर्षों के बाद लगने वाले इस दिव्य और अलौकिक महा मेले में दुनियाभर से 40 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद है। संगम नगरी प्रयागराज में महाकुंभ का मेला 30-45 दिन तक चलेगा। इस मेले में सबसे बड़ा महत्व स्नान का माना जाता है। इनमें भी शाही स्नान विशेष है जिसे अब से अमृत स्नान के नाम से जाना जाएगा।
ऐसा माना जाता है कि इस स्नान से जन्म जन्मांतर के पाप धुल जाते हैं। शाही स्नान पहले साधु संत करते हैं और फिर आम श्रद्धालु। महाकुंभ में पहला अमृत (शाही) स्नान पौष पूर्णिमा, 13 जनवरी को है और इस दिन खास संयोग भी बन रहे हैं। आइए जानते हैं इनके बारे में...
महाकुंभ के छह अमृत (शाही) स्नान
इस महा मेले में पहला अमृत स्नान 13 जनवरी 2025, सोमवार को होगा। वहीं दूसरा अमृत स्नान 14 जनवरी 2025, मंगलवार यानि कि मकर संक्रांति पर होगा। इसके बाद तीसरा अमृत स्नान 29 जनवरी 2025, बुधवार यानि कि मौनी अमावस्या पर होगा। चौथा अमृत स्नान 2 फरवरी 2025, रविवार यानि कि बसंत पंचमी पर होगा। इसके बाद पांचवां अमृत स्नान 12 फरवरी 2025, बुधवार माघ पूर्णिमा पर होगा और आखिरी अमृत स्नान 26 फरवरी 2025, बुधवार को महाशिवरात्रि पर होगा।
पहले अमृत स्नान पर बने रहा संयोग
महाकुंभ की शुरुआत के साथ ही दो शुभ योग बन रहे हैं। इस दिन रवि योग का निर्माण हो रहा है, जो सुबह 7 बजकर 15 मिनट से शुरू होकर सुबह 10 बजकर 38 मिनट तक रहेगा। वहीं भद्रावास योग का संयोग भी इसी दिन बन रहा है। बता दें कि, इस योग में श्रीहरि विष्णु की पूजा या आराधना करना बेहद शुभ माना जाता है। इन संयोग में आस्था की डुबकी श्रद्धालू जब पवित्र जल में लगाते हैं तो उनके शरीर के साथ आत्मा भी शुद्ध हो जाती है।
डिसक्लेमरः इस आलेख में दी गई जानकारी अलग अलग किताब और अध्ययन के आधार पर दी गई है। bhaskarhindi.com यह दावा नहीं करता कि ये जानकारी पूरी तरह सही है। पूरी और सही जानकारी के लिए संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञ (ज्योतिष/वास्तुशास्त्री/ अन्य एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें।
Created On :   11 Jan 2025 11:23 PM IST













