आगामी हैंडसेट: Samsung Galaxy A37 और Galaxy A57 जल्द हो सकते हैं लॉन्च, हैंड्स-ऑन वीडियो ऑनलाइन हुई लीक

Samsung Galaxy A37 और Galaxy A57 जल्द हो सकते हैं लॉन्च, हैंड्स-ऑन वीडियो ऑनलाइन हुई लीक
सैमसंग के आने वाले स्मार्टफोन Samsung Galaxy A37 और Galaxy A57 के अनबॉक्सिंग वीडियो (via @VerdeSelvans) TikTok पर सामने आए हैं।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। साउथ कोरिया की टेक कंपनी सैमसंग (Samsung) इस महीने के आखिर में अपनी गैलेक्सी ए सीरीज (Galaxy A Series) के नए हैंडसेट को लॉन्च कर सकती है। इसमें कुल दो मॉडल गैलेक्सी ए37 (Samsung Galaxy A37) और गैलेक्सी ए57 (Galaxy A57) शामिल होने की उम्मीद है। हालांकि, कंपनी की ओर से इनकी आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। लेकिन हाल ही में इनकी हैंड्स-ऑन वीडियो ऑनलाइन लीक हो गई है, जिससे इनका डिजाइन सामने आया है। आइए जानते हैं आने वाले इन स्मार्टफोन को लेकर अपडेट...

Samsung Galaxy A57, Galaxy A37 का डिजाइन हुआ लीक

सैमसंग के आने वाले स्मार्टफोन Samsung Galaxy A37 और Galaxy A57 के अनबॉक्सिंग वीडियो (via @VerdeSelvans) TikTok पर सामने आए हैं, जिनसे उनके डिजाइन एलीमेंट्स का पता चलता है। हैंड्स-ऑन वीडियो में Galaxy A37 ग्रीन कलर के ऑप्शन में दिखाई देता है, जिसमें एक फ्लैट डिस्प्ले और साफ दिखाई देने वाले बेजल शामिल हैं। डिस्प्ले में सेल्फी शूटर के लिए एक होल-पंच कटआउट है। इसमें Key Island डिजाइन है, जिसमें पावर और वॉल्यूम रॉकर दाईं ओर के किनारे पर थोड़ी ऊपर उठी हुई नजर आ रही है।

जबकि, हैंडसेट के रियर में तीन कैमरों वाला एक सेटअप दिखाई देता है, जो ऊपर-बाईं ओर के कोने में दिया गया है। कैमरा सेटअप वर्टिकल है, जबकि LED फ्लैश कैमरा मॉड्यूल के बाहर स्थित है। Samsung का लोगो पिछले हिस्से के निचले भाग की ओर लगा है। हैंड्स-ऑन वीडियो में Samsung Galaxy A57 बैंगनी रंग के शेड में दिखाई देता है, जिसका डिजाइन Galaxy A37 जैसा ही है।

इसमें भी एक फ्लैट डिस्प्ले है, जिसमें सेल्फी शूटर के लिए बीच में एक होल-पंच कटआउट है। इसके बेजल Galaxy A37 के बेजल की तुलना में पतले दिखाई देते हैं। इस फोन के दाईं ओर भी वही Key Island 2.0 डिजाइन शामिल है। इसके अलावा, पिछला डिजाइन तीन कैमरों के साथ Galaxy A37 जैसा ही दिखाई देता है। LED फ्लैश कैमरा आइलैंड के बाहर है।

Galaxy A57 और Galaxy A37 की घोषणा इस महीने के आखिर में होने की उम्मीद है। अब तक सामने आई लीक के अनुसार, इनमें पीछे की तरफ तीन कैमरे हो सकते हैं, जिनमें मुख्य कैमरा 50-मेगापिक्सल का होगा। इनमें 12-मेगापिक्सल का सेल्फी कैमरा हो सकता है और इनकी बनावट IP68-रेटेड हो सकती है।

Galaxy A57 में 6.6-इंच की फुल-HD+ AMOLED डिस्प्ले मिल सकती है, जिसका रिजॉल्यूशन 120Hz होगा। वहीं Galaxy A37 में 6.7-इंच पैनल होने की बात कही जा रही है, जिसका रिजॉल्यूशन और रिफ्रेश रेट भी उतना ही होगा। Galaxy A57 को Samsung Exynos 1680 चिपसेट से पावर मिल सकती है। वहीं Galaxy A37 में Exynos 1480 चिपसेट मिल सकता है।

Created On :   16 March 2026 5:20 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story