Bangladesh Election Results 2026: बांग्लादेश की सत्ता में 17 साल BNP की शानदार वापसी, तारिक रहमान ने दोनों सीटों पर जीता चुनाव, जमात-ए-इस्लामी पड़ी फुस्स

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारत के पड़ोसी मुल्क बांग्लादेश में 13वीं संसद (जातीय सांसद) चुनाव के परिणाम सामने आ रहे हैं। बांग्लादेश में 17 साल बाद बीएनपी की सत्ता में वापसी होने जा रही है। बीएनपी के प्रमुख तारिक रहमान ने दोनो सीटों (ढाका-17 और बोगुरा-6) पर जीत दर्ज की है। बता दें, बांग्लादेश में साल 2024 में शेख हसीना की सरकार गिरने के बाद पहली बार चुनाव कराएं जा रहे हैं। इसमें लंदन से आए तारिक रहमान प्रधानमंत्री बनने के और ज्यादा करीब पहुंच गए हैं।
बांग्लादेश में बीएनपी की सत्ता में वापसी
बीएनपी मीडिया सेल के सदस्य शायरुल कबीर ने ढाका ट्रिब्यून को बताया कि अनऑफिशियल रिजल्ट्स में तारिक दोनों सीटों पर जीत गए हैं। यह उनकी राजनीतिक ताकत का बड़ा संकेत है, क्योंकि वे प्रधानमंत्री पद के बड़े दावेदार हैं। ढाका-17 सीट (गुलशन, बारिदारा, बनानी और कैंटनमेंट इलाके) में तारिक ने जमात-ए-इस्लामी के उम्मीदवार एसएम खालिकुज्जमान को बड़े अंतर से हराया। BNP का दावा है कि रात 9 बजे तक के आंकड़ों में तारिक को 60,215 वोट मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी को 24,524 वोट मिल सके।
बोगुरा-6 सीट (बोगुरा सदर) में भी तारिक ने जमात के उम्मीदवार मोहम्मद अब्दुर रहमान को दो गुना से ज्यादा वोटों से हराया। प्रोथोम आलो के मुताबिक, 27 केंद्रों के आंकड़ों में तारिक को 37,465 वोट मिले, जबकि प्रतिद्वंद्वी को 17,428 वोट मिल सके। बोगुरा की सभी 7 सीटों पर BNP के उम्मीदवार आगे चल रहे हैं, जिसमें तारिक की सीट सबसे मजबूत है।
यह भी पढ़े -यूपी विधान परिषद में शहरों के ‘जाम संकट’ पर हंगामा, अतिक्रमण हटाने और टीवीसी को सक्रिय करने की मांग
तारिक रहमान की जीत से बीएनपी को मिलेगा फायदा
वहीं, तारिक रहमान ने सुबह ढाका के गुलशन मॉडल हाई स्कूल एंड कॉलेज में वोट डाला। इस दौरान उनकी पत्नी डॉ. जुबैदा रहमान और बेटी जैमा रहमान भी मौजूद थीं। वोट डालने के बाद उन्होंने कहा कि बांग्लादेश के लोग लंबे समय से इस दिन का इंतजार कर रहे थे और उन्होंने अपने अधिकार वापस ले लिए हैं। उन्होंने कुछ जगहों पर अनचाही घटनाओं की रिपोर्ट्स का जिक्र किया, लेकिन कहा कि अगर BNP सत्ता में आई तो कानून-व्यवस्था मजबूत करेंगे।
बता दें, साल 2008 से तारिक रहमान लंदन में रह रहे थे। इसके बाद दिसंबर 2025 में मां खालिदा जिया की मौत के बाद तारिक रहमान वापस लौटे थे। बांग्लादेश के आम चुनाव में उनकी जीत BNP को बड़ा राजनीतिक फायदा देगी और सरकार बनाने में मदद करेगी। चुनाव आयोग के आधिकारिक नतीजे अभी पूरी तरह नहीं आए हैं, लेकिन अनऑफिशियल रिजल्ट्स से साफ है कि तारिक दोनों सीटों पर जीत चुके हैं। जानकारी के मुताबिक, बांग्लादेश के नतीजे शुक्रवार सुबह तक आने की उम्मीद है। अंतरराष्ट्रीय पर्यवेक्षकों ने चुनाव को फ्री और फेयर बताया है, हालांकि कुछ जगहों पर हिंसा की शिकायतें आईं। यह चुनाव बांग्लादेश की नई राजनीतिक दिशा तय करेगा, जहां बीएनपी मजबूत स्थिति में दिख रही है।
Created On :   13 Feb 2026 12:56 AM IST












