US News: ग्रैंड कैन्यन राष्ट्रीय पार्क में अचानक आई बाढ़, 15 लोग लापता, कई पुल बह गए

ग्रैंड कैन्यन राष्ट्रीय पार्क में अचानक आई बाढ़, 15 लोग लापता, कई पुल बह गए
ब्राइट एंजेल कैंपग्राउंड, फैंटम रैंच और नॉर्थ कैबाब ट्रेल के कुछ हिस्से बंद रहे, फैंटम रैंच से 62 लोगों को सुरक्षित निकाला गया। कोलोराडो नदी में राफ्टिंग यात्राएं फिलहाल रोक दी गई हैं।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अमेरिका के ग्रैंड कैन्यन राष्ट्रीय उद्यान में अचानक आई बाढ़ में 15 लोग लापता हो गए। अचानक आई बाढ़ में कई पुल बह गए, इलाके का नजारा बदल गया। राष्ट्रीय मौसम एजेंसी ने अलर्ट जारी करते हुए कहा कि आज सोमवार को भी गरज के साथ भारी बारिश होने की संभावना है। इससे अचानक आई बाढ़, मलबे का बहाव, चट्टानें गिरने और पगडंडियों तथा नदी की स्थिति में बदलाव का खतरा बढ़ सकता है।

राष्ट्रीय पार्क सर्विस ने जानकारी देते हुए बताया कि बाढ़ प्रभावित इलाके से लोगों को निकालने और वहां मौजूद लोगों का पता लगाने के लिए एरिजोना के अधिकारियों के साथ काम कर रही है। नेशनल पार्क सर्विस ने बताया कि अन्य लोगों को भी वहां से निकालने की तैयारी थी। अभी तक किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

बीते दिन ब्राइट एंजेल कैंपग्राउंड, फैंटम रैंच और नॉर्थ कैबाब ट्रेल के कुछ हिस्से बंद रहे, बीते दिन रविवार को फैंटम रैंच से 62 लोगों को सुरक्षित निकाला गया। पार्क अधिकारियों ने नुकसान का जायजा लेने का काम शुरू कर दिया है। फ्लैगस्टाफ में राष्ट्रीय मौसम सेवा के मौसम विज्ञानी जस्टिन जॉन्ड्रो के मुताबिक, चट्टानी इलाके में करीब 30 मिनट के भीतर आधा इंच से एक इंच तक बारिश हुई। कोलोराडो नदी में राफ्टिंग यात्राएं भी फिलहाल रोक दी गई हैं।

एजेंसी ने आसपास के इलाकों के लोगों से जानकारी मिलने पर सूचना देने की अपील की है। बताया जा रहा है कि ब्राइट एंजेल क्रीक में पानी का जलस्तर अचानक बढ़ा, ये आगे जाकर कोलोराडो नदी में मिलता है। तेज बहाव ने नाले पर बने कई पैदल पुलों को बहा दिया। एसोसिएटेड प्रेस के मुताबिक एक बिल्डिंग का मलबा बहना शुरू हो गया, जिसमें एक इमारत का हिस्सा भी नजर आया। इमारत में फंसे लोगों को हेलीकॉप्टर से सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।

Created On :   31 Aug 2026 8:50 AM IST

Tags

Next Story