PM Modi Visit Kyrgyzstan: उज्बेकिस्तान के बाद किर्गिस्तान पहुंचे PM मोदी, SCO शिखर सम्मेलन में होंगे शामिल

डिजिटल डेस्क, बिश्केक। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी दो दिवसीय उज्बेकिस्तान यात्रा खत्म करके किर्गिस्तान पहुंच गए हैं। पीएम मोदी रविवार को राजधानी बिश्केक के हवाई अड्डे पर पहुंचे, जहां उनका स्वागत किर्गिज गणराज्य के कैबिनेट ऑफ मिनिस्टर्स के चेयरमैन और राष्ट्रपति प्रशासन के प्रमुख आदिलबेक कासिमालीव ने किया।
यह भी पढ़े -'मन की बात' में पीएम मोदी के जिक्र के बाद रामपुर के पटवाई युवा हुए गदगद, कहा- पूरे देश में चलाएंगे अभियान
SCO शिखर सम्मेलन में लेंगे भाग
पीएम मोदी यहां भी दो दिवसीय यात्रा पर पहुंचे हैं। इस दौरान वह SCO सदस्य देशों के नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकों में शामिल होंगे। शंघाई कोऑपरेशन ऑर्गनाइजेशन (SCO) के 26वें शिखर सम्मेलन का आयोजन 1 सितंबर को होने वाला है, जिसमें प्रधानमंत्री शामिल होंगे।
इससे पहले रविवार को पीएम मोदी ताशकंद में पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के मेमोरियल पहुंचे थे, जहां उन्होंने श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उन्होंने उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शावकत मिर्जियोयेव के साथ मिलकर एक पेड़ भी लगाया।
विदेश मंत्रालय ने क्या कहा?
भारतीय विदेश मंत्रालय का कहना है कि शास्त्री का 'जय जवान, जय किसान' का नारा पीढ़ियों से लोगों को प्रेरित करता रहा है। मंत्रालय ने कहा कि उनका जीवन सादगी, साहस और देश के प्रति अटूट समर्पण का प्रतीक था।
अचानक हुआ था निधन
भारत के दूसरे प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री का 11 जनवरी 1966 को उज्बेकिस्तान की राजधानी ताशकंद में अचानक निधन हो गया था। यह घटना 1965 के भारत-पाकिस्तान युद्ध को समाप्त करने के लिए ऐतिहासिक ताशकंद घोषणा-पत्र पर हस्ताक्षर होने के कुछ ही घंटों बाद हुई थी।
इस पहल के तहत लगाया पेड़
विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के जरिए बताया कि पीएम मोदी और शावकत मिर्जियोयेव ने भारत की 'एक पेड़ मां के नाम' पहल और उज्बेकिस्तान के 'यशिल माकोन' हरित प्रयासों के तहत राष्ट्रपति भवन के बगीचे में संयुक्त रूप से एक पेड़ भी लगाया।
Created On :   31 Aug 2026 12:12 AM IST










