Mohan Bhagwat's Foreign Tour: भारत में मुस्लिम न रहें, ऐसा सोचने वाला हिंदू नहीं, वन वर्ल्ड, वन ह्यूमैनिटी' इवेंट में बोले मोहन भागवत

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। RSS चीफ मोहन भागवत इस समय अमेरिकी दौरे पर हैं। उन्होंने 30 अगस्त (शनिवार) को न्यूयॉर्क में आयोजित 'एक दुनिया, एक मानवता' सम्मेलन में बड़ा और कड़ा संदेश दिया। विश्व के धर्मगुरुओं के सामने उन्होंने अपनी बात रखते हुए कहा कि अगर कोई व्यक्ति यह सोचता है कि भारत में मुसलमान नहीं होने चाहिए, तो वह खुद को 'हिंदू' कह ही नहीं सकता।
मोहन भागवत ने धर्मगुरुओं को संबोधित करते हुए क्या कहा?
न्यूयॉर्क में धर्म गुरुओं के सम्मेलन को संबोधित करते हुए मोहन भागवत ने कहा, RSS के तौर पर हमारा मानना है कि पूरी मानवता एक है। दुनिया में जाकर यह संदेश फैलाना हमारा कर्तव्य है कि बाहरी तौर पर अलग-अलग दिखने के बावजूद हम सब एक हैं।
विविधता प्रकृति का नियम है- RSS चीफ
विविधता हमारी आंतरिक एकता की सुंदरता है। इसे स्वीकार किया जाना चाहिए, इसका सम्मान किया जाना चाहिए और इसे बनाए रखा जाना चाहिए। जैसे मैं अपनी पहचान की रक्षा करता हूँ, वैसे ही मुझे दूसरों की पहचान की भी रक्षा करनी चाहिए। विविधता प्रकृति का नियम है, लेकिन एकता ही वह सच्चाई है जो इसे आधार देती है। 1925 में अपनी शुरुआत के बाद से, पिछली एक सदी में, संघ ने हमारे समाज में भरोसा और सम्मान हासिल किया है।
RSS प्रमुख मोहन भागवत ने कहा दुनिया में कई धर्म हैं। अगर अगर कोई हिंदू यह सोचता है कि भारत में कोई मुसलमान नहीं होना चाहिए, तो वह हिंदू नहीं रह जाएगा। अगर आप खुद को हिंदू कहलाना चाहते हैं, तो आपको यह मानना होगा कि सभी रास्ते एक ही मंजिल तक ले जाते हैं। और हर इंसान की अपनी गरिमा होती है।
Created On :   30 Aug 2026 1:34 AM IST












