Nepal Flood: शशि थरूर ने केंद्र सरकार को लिखा पत्र, कहा- प्राकृतिक आपदा के समय की गई भारत की कोशिशों को मिल रही सराहना

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। प्राकृतिक आपदा इन दिनों नेपाल के रसुवा और नुवाकोट जिलों में कहर बन कर टूट पड़ी है। हर तरफ सिर्फ तबाही का मंजर दिखाई देता है। इस आपदा में अब तक सैकड़ों लोगों की जानें चली गई और हजारों लोग प्रभावित हुए हैं। मुसीबत की इस घड़ी में भारत अपने पड़ोसी देश नेपाल की मदद हर संभव मदद कर रहा है। इसी बीच कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने भारतीय सरकार को एक पत्र लिखा है। उसमें उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा नेपाल की मदद किए जाने पर पीएम मोदी और विदेश मंत्री एस जयशंकर की तारीफ की है।
थरूर ने क्या कहा?
शशि थरूर ने कहा बुधवार सुबह से ही मुझे उन परिवारों से जानकारी मिल रही है, जिनके लोग लापता हैं। किसी ने भी मुझसे कोई शिकायत नहीं की। वे अपने बेटे, बेटी, पति या पत्नी के बारे में बात करने से पहले भारत की तरफ से की गई कोशिशों के लिए आभार व्यक्त कर रहे हैं। इसके अलावा उन्होंने आग्रह किया कि रेस्क्यू ऑपरेशन और भारतीय की वापस कुशल वापसी के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी जाए।
अब तक कितने लोगों की मौत हो चुकी है?
नेपाल में 26 अगस्त को ग्लेशियर टूटने और भूस्खलन आने के बाद अचानक बाढ़ आ गई थी। इस घटना में अब तक 676 लोगों की मौत की खबर है, जबकि 2500 लोग लापता बताए जा रहे हैं। इस घटना के तीन दिन बीत चुके हैं और बाढ़ का पानी भी उतर गया है। इसके बाद वहां से बेहद ही विचलित करने वाली तस्वीरें सामने आई हैं।
भारत ने नेपाल में स्थिति पर बारीकी से नजर रखी, देश को तुरंत मदद और राहत सामग्री पहुंचाई। हिमालयी क्षेत्र में आई इस आपदा के बाद भारत ने रेस्क्यू ऑपरेशन के तहत मदद के लिए विशेष उड़ानें भी भेजीं। भारत ने राहत और बचाव कार्यों में मदद के लिए नेपाल में 11 सदस्यों वाली एक स्पेशल मेडिकल और टनल रेस्क्यू टीम भी भेजी है।
Created On :   29 Aug 2026 11:57 PM IST












