Breaking News: आज की बड़ी खबरें 10 अक्टूबर 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।
Live Updates
- 10 Oct 2025 4:38 PM IST
कफ सिरप केसः दवा दुकानों की चेकिंग करने उतरे झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री, 300 से ज्यादा सैंपल जांच को भेजे
मध्य प्रदेश और राजस्थान में कफ सिरप पीने से बच्चों की मौत होने और तीन-तीन कफ सिरप को बैन करने के मामले को लेकर के झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी सड़कों पर शुक्रवार को उतरे और दवा दुकानों में जाकर कफ सिरप की जांच की।
- 10 Oct 2025 4:21 PM IST
भोजपुरी गायक-अभिनेता पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह ने जनसुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर से मुलाकात के बाद दिया बयान
भोजपुरी गायक-अभिनेता पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह ने जनसुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर से मुलाकात के बाद कहा, "यहां पर मैं चुनाव लड़ने के लिए या टिकट के लिए नहीं आई हूं। मेरे साथ जो अन्याय हुआ है वह किसी और महिला के साथ ना हो। मैं उन तमाम महिलाओं की आवाज बनना चाहती हूं जिनके साथ यह अन्याय हो रहा है। बस इसलिए मैं प्रशांत किशोर से मिलने आई हूं। यहां पर चुनाव को लेकर या टिकट को लेकर कोई बात नहीं हुई है।"
- 10 Oct 2025 4:00 PM IST
RSSP के राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामी प्रसाद मौर्य ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और सपा नेता आजम खान की मुलाकात पर दी प्रतिक्रिया
RSSP के राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामी प्रसाद मौर्य ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और सपा नेता आजम खान की मुलाकात पर कहा, "दोनों एक ही पार्टी के लोग हैं, एक पार्टी के बहुत बड़े नेता हैं और दूसरे राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं तो ये मुलाकात सामान्य मुलाकात है। हां इतना जरूर है कि अब समाजवादी पार्टी आजम खान के नाम पर घड़ियाली आंसू बहा रही है लेकिन जब आजम खान को राजनीतिक दुर्भावना से जेल भेजा गया था तो आजम खान के बचाव में एक बार भी समाजवादी पार्टी ने भूल कर भी आवाज नहीं उठाई। स्वाभाविक रूप से जहां पर समाजवादी पार्टी को आजम खान के सम्मान में सड़क पर आना चाहिए था, उस समय वे मौन साधे बैठे थे, तो अब घड़ियाली आंसू बहाने से क्या फायदा?"
- 10 Oct 2025 3:41 PM IST
जनसुराज पार्टी के अध्यक्ष प्रशांत किशोर ने ज्योति सिंह को लेकर दी प्रतिक्रिया
जनसुराज पार्टी के अध्यक्ष प्रशांत किशोर ने कहा, "ज्योति सिंह यहां बिहार की महिला के तौर पर आई हैं। इनकी बातों को हम लोगों ने सुना है। सबसे पहले तो इन्होंने चुनाव लड़ने की कोई बात नहीं की है। उन्होंने बस अपनी यह बात रखी है कि इनके साथ बहुत बड़ा अन्याय हो रहा है, उसमें यह चाहती हैं कि इनके साथ जो हुआ है कम से कम बिहार की दूसरी महिलाओं के साथ ऐसा ना हो। यह चाहती हैं कि उन्हें जनसुराज से मदद मिले। किसी भी पारिवारिक मामले में जनसुराज की कोई भूमिका नहीं है लेकिन सुरक्षा के मामले में जनसुराज पूरी तरह से आपके साथ खड़ा रहेगा। पवन सिंह भी हमारे मित्र हैं, यह उनका पारिवारिक मामला है और इसमें हम कुछ नहीं कह सकते हैं। मेरी ये सामाजिक जिम्मेदारी है कि मैं इनसे मुलाकात करूं और इनकी बात सुनूं। बिहार की कोई भी महिला, शहरी या अन्य व्यक्ति यदि उसे लगता है कि हमारे सामने अपनी बात रखने से उसे मदद मिल सकती है तो हम सुनने के लिए तैयार हैं।"
- 10 Oct 2025 3:18 PM IST
अफगानिस्तान और भारतीय विदेश मंत्रियों की हुई मुलाकात
भारत ने सद्भावना के तौर पर अफगानिस्तान को 20 एम्बुलेंस उपहार में दीं। विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने प्रतीकात्मक कदम के तौर पर 20 एम्बुलेंस में से 5 व्यक्तिगत रूप से अफगान विदेश मंत्री मुत्ताकी को सौंपीं।
- 10 Oct 2025 2:56 PM IST
ट्रंप को नहीं इस महिला को मिला नोबेल शांति पुरस्कार, वेनेजुएला की 'आयरन लेडी' को सम्मान
वेनेजुएला में लोकतंत्र की बहाली के लिए अपने अथक संघर्ष के लिए, मारिया कोरिना मचाडो को नोबेल शांति पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। नोबेल कमेटी ने वेनेजुएला में तानाशाही से लोकतंत्र की ओर बढ़ाने के लिए उनके नेतृत्व और संघर्ष को विशेष रूप से रेखांकित किया है।
- 10 Oct 2025 2:48 PM IST
मणिपुर: मैतेई-कुकी विधायकों की मुलाकात के बाद सरकार गठन की कवायद तेज, दिल्ली में जुटे BJP विधायक
कई मैतेई विधायक कुकी विधायकों से संपर्क साध रहे हैं, ताकि सरकार गठन की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सके, सूत्रों के मुताबिक मणिपुर विधानसभा के स्पीकर सत्यब्रत ठाकुर और अन्य विधायकों ने दिल्ली में पूर्व कुकी मंत्री लेतपाओ हाओकिप से मुलाकात की है।
- 10 Oct 2025 2:38 PM IST
33 लाख कैश, ढाई किलो सोना और करोड़ों की संपत्ति..भोपाल में रिटायर इंजीनियर के यहां छापे में क्या-क्या मिला?
भोपाल में लोकायुक्त ने रिटायर सिविल इंजीनियर जीपी मेहरा के चार ठिकानों पर छापेमारी की। तलाशी में करोड़ों की चल-अचल संपत्ति के सबूत मिले हैं। भोपाल स्थित घर और फ्लैट से कैश, सोना-चांदी, ज्वेलरी, फिक्स्ड डिपॉजिट और महंगे फर्नीचर बरामद हुए। नर्मदापुरम के सोहागपुर में भी संपत्ति मिली है, जांच में सामने आया है कि अधिकांश संपत्तियां परिवार और रिश्तेदारों के नाम हैं।
- 10 Oct 2025 2:28 PM IST
9 महीने की गर्भवती अंजू को जंगल में 25 KM पैदल चलाया, किडनैपर्स ने पहाड़ पर छोड़ा, पुलिस ने मुक्त कराया
पुलिस की घेराबंदी से घबराकर बदमाश अंजू को जंगल में छोड़कर भाग गए, हालांकि, इस दौरान बदमाशों ने अंजू को जंगल में तकरीबन 25 किलोमीटर तक पैदल चलवाया, जिससे उनके पैर बुरी तरह चोटिल हो गए।
- 10 Oct 2025 2:16 PM IST
जंजीर से बांधकर जलाईं हथेलियां, दागा माथा...बेटी के साथ माता पिता ने क्यों की बेरहमी?
उज्जैन में अंधविश्वास के चलते उर्मिला नाम की युवती को भूत भगाने के नाम पर पीटा गया और गर्म सिक्के व जलती रूई से दागा गया, युवती ने 10 दिन बाद पुलिस से शिकायत की, पुलिस ने आठ लोगों पर मामला दर्ज कर तीन को गिरफ्तार किया है। घटना उज्जैन जिले के खाचरौद क्षेत्र के श्रीवच्छ गांव की है।
Created On :   10 Oct 2025 8:00 AM IST