ईडी का बड़ा एक्शन: KPSC वेटरिनरी भर्ती में 80 लाख का खेल! कर्नाटक-अहमदाबाद में ED ने 21 ठिकानों पर मारा छापा

डिजिटल डेस्क, बेंगलुरु। कर्नाटक लोक सेवा आयोग (KPSC) की वेटरिनरी ऑफिसर भर्ती को लेकर मामला लगातार गंभीर होता जा रहा है। भर्ती में पैसे लेकर चयन कराने के आरोपों के बाद अब प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई की है। ED ने कर्नाटक और अहमदाबाद में कुल 21 जगहों पर छापेमारी शुरू की है। इनमें KPSC का दफ्तर, आयोग के कुछ अधिकारियों के घर और कथित बिचौलियों के ठिकाने शामिल हैं। इसके अलावा परीक्षा की डिजिटल कॉपियां जांचने वाली कंपनी और कुछ चुने गए उम्मीदवारों के यहां भी तलाशी ली जा रही है। यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े कानून के तहत की जा रही है।
21 जगहों पर तलाशी
ED की टीमें KPSC कार्यालय के साथ सस्पेंड चेयरमैन शिवशंकरप्पा एस. साहूकार और आयोग की सदस्य शांता होसमनी के ठिकानों पर पहुंची हैं। कथित बिचौलियों अली और सिकंदर से जुड़े स्थानों की भी जांच हो रही है। परीक्षा की डिजिटल कॉपियां जांचने वाली एडुस्टेट सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड के दफ्तर पर भी तलाशी ली जा रही है।
80 लाख रुपये मांगने का आरोप
इस भर्ती में कुल 400 वेटरिनरी ऑफिसर पद थे। इनमें 342 सामान्य और 58 बैकलॉग पद शामिल थे। कुछ उम्मीदवारों ने आरोप लगाया कि चयन सूची में नाम दिलाने के बदले उनसे बड़ी रकम मांगी गई। दावा है कि कुछ बिचौलियों ने 80 लाख रुपये तक की मांग की थी। उम्मीदवारों का आरोप है कि पैसे देने वालों को नौकरी दिलाने का भरोसा दिया गया।
हाई कोर्ट जाने के बाद कार्रवाई
भर्ती में गड़बड़ी के आरोप सामने आने के बाद जांच तेज हो गई है। ED ने यह कार्रवाई प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) के तहत शुरू की है। बताया जा रहा है कि सस्पेंड चेयरमैन शिवशंकरप्पा साहूकार के जमानत के लिए हाई कोर्ट जाने के बाद यह छापेमारी शुरू हुई। अब जांच एजेंसी अलग-अलग लोगों और ठिकानों से जुड़े दस्तावेज और दूसरी जानकारी जुटा रही है।
Created On :   18 Aug 2026 1:20 PM IST












