Sawan Third Monday Accident: लखीसराय से लेकर उज्जैन तक मचा हाहाकार! सावन के तीसरे सोमवार इन जगहों पर हुए हादसे

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। सावन के तीसरे सोमवार को देश के कई हिस्सों से दुखद खबरें सामने आई हैं। बिहार, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र में अलग-अलग घटनाओं ने लोगों को परेशान कर दिया है। कहीं मंदिर के बाहर अचानक से भगदड़ मच गई तो कहीं आग और धमाके ने लोगों की जान को खतरे में डाल दिया। बिहार के लखीसराय में अशोक धाम मंदिर के पास हुई भगदड़ जैसी स्थिति बनी थी, जिसमें कई श्रद्धालुओं की मौत हो गई और कई घायल हो गए। पश्चिम बंगाल के तारापीठ में मंदिर के पास एक होटल में आग लगने से कई लोगों की जान चली गई है। उज्जैन में भी दर्शन की कतार में अफरा-तफरी मची हुई थी। महाराष्ट्र के पालघर में एक कारखाने में जोरदार धमाका भी देखने को मिला है। इन घटनाओं ने त्योहार के सयम सुरक्षा इंतजामों पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
लखीसराय में मंदिर के पास भगदड़
बिहार के लखीसराय में अशोक धाम मंदिर के पास सोमवार सुबह अचानक भीड़ में अफरा-तफरी फैल गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, बिजली का खंभा गिरने और करंट की बात फैलने के बाद लोग घबरा गए और इसके बाद भीड़ में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। इस घटना में 7 श्रद्धालुओं की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 12 से ज्यादा लोग घायल बताए गए हैं। साथ ही ऐसा भी बताया गया है कि दो ट्रेनों के एक साथ रुकने से भी वहां अचानक भीड़ बढ़ गई थी।
तारापीठ के होटल में आग
पश्चिम बंगाल के तारापीठ में मंदिर के पास एक चार मंजिला होटल में सुबह आग लग गई थी। आग तेजी से इमारत में फैल गई और इस हादसे में कम से कम 6 लोगों की मौत की खबर है और कई लोग घायल हुए हैं। शुरुआती जानकारी में आग का कारण बिजली से जुड़ी खराबी बताया जा रहा है। होटल में कई श्रद्धालु ठहरे हुए थे, जो सोमवार को मंदिर जाने वाले थे।
यह भी पढ़े -भाजपा की राष्ट्रीय टीम में यूपी का दबदबा, आठ चेहरों को जगह, जातीय समीकरणों के साथ मुस्लिम दांव
उज्जैन और पालघर में भी हादसे
उज्जैन के महाकाल मंदिर में श्रीनागचंद्रेश्वर मंदिर के दर्शन के लिए लगी कतार में भी अचानक अफरा-तफरी मच गई। बिजली का करंट फैलने की बात से लोग घबरा गए और इस दौरान कुछ श्रद्धालुओं के घायल होने की जानकारी सामने आई है। वहीं, महाराष्ट्र के पालघर में बोईसर इलाके की एक फैक्ट्री में सुबह करीब 11 बजे जोरदार धमाका हुआ था। धमाके के बाद पूरे इलाके में हलचल मच गई और आसमान में धुएं का बड़ा गुबार दिखाई दिया। कारखाने में काम कर रहे कुछ मजदूरों के झुलसने की भी खबर सामने आई है।
Created On :   17 Aug 2026 7:38 PM IST













