Karni Sena Protest: हरदा में करणी सेना परिवार का जनक्रांति आंदोलन लगातार जारी, लाठीचार्ज के आरोपी पुलिसवालों को हटाने, मजिस्ट्रियल जांच की कर रहे मांग

डिजिटल डेस्क, हरदा। हरदा के नेहरू स्टेडियम में 21 सूत्रीय मांगों को लेकर करणी सेना परिवार का जनक्रांति आंदोलन जारी है। इसमें करीब 20 हजार लोग शामिल हुए हैं। इससे पहले करणी सेना के एक प्रतिनिधि मंडल ने हरदा कलेक्टर से मुलाकात की। जिसके बारे में श्री राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष महिपाल सिंह मकराना ने जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रशासन ने लाठीचार्ज के आरोपी पुलिस कर्मियों को हटाने और उनके विरुद्ध मजिस्ट्रियल जांच कराने का भरोसा दिया है, लेकिन यह आश्वासन हमें मौखिक नहीं लिखित चाहिए। वहीं, आंदोलन को देखते हुए भारी पुलिस फोर्स तैनात है।
क्या है पूरा मामला?
इस साल जुलाई में राजपूत समाज के एक युवक ने हीरा खरीदा था। आरोप है कि एक व्यापारी ने उसे असली हीरा बदल कर नकली हीरा दे दिया था। थाने मे शिकायत भी की गई लेकिन कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाकर करणी सेना ने 12 और 13 जुलाई को थाने का घेराव किया। इस दौरान पुलिस ने लाठीचार्ज किया था, जिसमें करणी सेना के प्रमुख जीवन सिंह शेरपुर पर भी लाठीचार्ज हुआ था। उधर, करणी सेना परिवार के राष्ट्रीय अध्यक्ष जीवन सिंह शेरपुर ने मंच पर अनशन शुरू कर दिया है।
यह भी पढ़े -करणी सेना के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष विनय सिंह की गोली मारकर हत्या, खेत में मिला शव, जमशेदपुर में भीड़ ने की आगजनी
इससे पहले जीवन सिंह शेरपुर ने बड़ा ऐलान किया, उन्होंने कहा कि वह जल्द ही राजनीतिक पार्टी बनाएंगे। बता दें कि करणी सेना परिवार की 21 सूत्रीय मांगे हैं - न्यायिक जांच, केस वापसी, आरक्षण व भर्ती प्रक्रिया में सुधार, आर्थिक आधार पर आरक्षण, किसानों से जुड़े मुद्दे, बिजली बिल व स्मार्ट मीटर, शिक्षा-रोजगार, महिला सुरक्षा, गो-संरक्षण, पूर्व सैनिकों और मीडिया कर्मियों से जुड़े मुद्दे हैं।
Created On :   21 Dec 2025 9:06 PM IST













