Ram Mandir Donation Theft Case: स्वतंत्र जांच हो, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो...राहुल गांधी-खड़गे ने PM मोदी को लिखी चिट्ठी, रखी ये मांगे

श्रद्धालुओं के दान को लेकर उठाए सवाल
राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे ने अपने पत्र में कहा कि देश के लाखों लोगों ने अपनी मेहनत की कमाई राम मंदिर के लिए दान की थी। लोगों ने श्रद्धा और विश्वास के साथ पैसे, सोना और चांदी जैसी चीजें दी थीं। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि इतने बड़े दान के हिसाब में गड़बड़ी हुई है। उनका कहना है कि अगर ऐसा हुआ है तो यह उन लोगों के भरोसे से जुड़ा गंभीर मामला है, जिन्होंने मंदिर निर्माण के लिए अपनी इच्छा से मदद दी थी।
ट्रस्ट के कामकाज की स्वतंत्र जांच की मांग
दोनों नेताओं ने राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के कामकाज पर भी सवाल उठाए हैं। पत्र में कहा गया है कि सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद केंद्र सरकार ने ट्रस्ट बनाने की घोषणा की थी। उन्होंने ट्रस्ट से जुड़े लोगों और इसके वित्तीय कामकाज की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि जांच में नकद पैसे के साथ सोना, चांदी और दूसरे सभी तरह के दान का पूरा हिसाब देखा जाना चाहिए। जांच ऐसी एजेंसी से होनी चाहिए, जिस पर किसी तरह का दबाव न हो।
जांच रिपोर्ट और पूरा हिसाब जनता के सामने आए
राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे ने मांग की है कि जांच पूरी होने के बाद उसकी रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए। साथ ही, ट्रस्ट के खातों और दान के खर्च की जानकारी भी लोगों के सामने रखी जाए। इससे श्रद्धालुओं को पता चल सकेगा कि उनके दिए पैसे और दूसरी चीजों का इस्तेमाल कहां और कैसे किया गया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि अगर जांच में कोई जिम्मेदार पाया जाता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए चाहे वह किसी भी पद पर हो।
Created On :   19 July 2026 12:01 PM IST












