भोपाल: दिग्विजय के रोड शो में लगे मोदी-मोदी के नारे, FIR दर्ज

भोपाल: दिग्विजय के रोड शो में लगे मोदी-मोदी के नारे, FIR दर्ज

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्यप्रदेश की भोपाल लोकसभा संसदीय सीट से कांग्रेस प्रत्याशी दिग्विजय सिंह भोपाल में रोड शो कर रहे हैं। उनके समर्थन में पूरा संत समाज मैदान पर उतर आया है। शहर के चौक बाजार से जब दिग्विजय सिंह का रोड शो निकला तो वहां पर मौजूद लोग मोदी-मोदी के नारे लगाने लगे। पुलिस ने नारेबाजी पर रोड शो में बाधा पहुंचाने वाले लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। बता दें कि दिग्विजय सिंह के रोड शो में कम्प्यूटर बाबा सहित 13 अखाड़ों के साधु-संतों ने शिरकत की है। 

दिग्विजय सिंह के समर्थन में ग्रामीण अंचलों में जाएंगे साधु-संत
साधु-संत दिग्विजय सिंह के पक्ष में रोड शो के बाद ग्रामीण अंचलों में जाकर कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थन में प्रचार करेंगे। गौरतलब है कि राजधानी भोपाल में तीसरे चरण के तहत 12 मई को मतदान होना है। इसे लेकर अब सियासी पारा चढ़ गया है। मंगलवार को दिग्विजय सिंह के समर्थन में कम्प्यूटर बाबा 13 अखाड़ों के साधु-संतों के साथ मैदान में उतरे। उन्होंने राजधानी के सैफिया कॉलेज मैदान में संतों के साथ धूनी रमाई और हठ योग किया।

हजारों संतो ने जमाया डेरा
इसक पहले दिग्विजय सिंह ने पत्नी अमृता सिंह के साथ यहां पर पूजा-अर्चना की। संतों ने हवन भी कराया। इस दौरान साधु-संत धूनी रमाते रहे और हठ योग करते रहे। साधुओं ने यहां पर धूनी स्थल बनाया था। साधु यहां पर योग मुद्राओं में भी नजर आए। संतों के इस पूजा स्थल पर एक बोर्ड भी लगा है, जिस पर लिखा है दिग्विजय सिंह की जीत के लिए हजारों संतों का हठयोग। कम्प्यूटर बाबा के नेतृत्व में 13 अखाड़ों के करीब दो हजार साधु-संत भोपाल में डेरा जमाए हुए हैं। 

Created On :   8 May 2019 2:17 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story