ऑपरेशन सिंदूर: वीरगति को प्राप्त हुए 6 भारतीय जवान, पहली बार सामने आए नाम, शहीदों में 1 वायुसेना के सार्जेंट भी शामिल

वीरगति को प्राप्त हुए 6 भारतीय जवान, पहली बार सामने आए नाम, शहीदों में 1 वायुसेना के सार्जेंट भी शामिल
ऑपरेशन सिंदूर में शहीद हुए 6 जवानों के नाम नेशनल वॉर मेमोरियल पर दर्ज होंगे। दो जवानों को बहादुरी के लिए मरणोपरांत वीरता पुरस्कार भी दिए गए।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। 22 अप्रैल 2025 को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत ने आतंकियों के खिलाफ ‘ऑपरेशन सिंदूर’ शुरू किया। इस कार्रवाई में पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में बने आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया गया। इस मिशन के दौरान देश की रक्षा करते हुए 6 जवान शहीद हो गए। अब इन सभी वीर जवानों के नाम नई दिल्ली के नेशनल वॉर मेमोरियल पर जोड़े जाएंगे। राष्ट्रीय युद्ध स्मारक की वेबसाइट पर भी इनके नाम जारी कर दिए गए हैं। इन जवानों ने देश की सुरक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया, जिसे हमेशा याद रखा जाएगा।

5 सैनिक और वायुसेना का एक जवान शहीद

ऑपरेशन सिंदूर में भारतीय सेना के 5 जवान और भारतीय वायुसेना के एक सार्जेंट शहीद हुए। इनमें सूबेदार मेजर पवन कुमार, राइफलमैन सुनील कुमार, लांस नायक दिनेश कुमार, अग्निवीर मूड मुरली नाइक, हवलदार सुनील कुमार सिंह और सार्जेंट सुरेंद्र कुमार शामिल हैं। इन सभी ने देश की रक्षा करते हुए अपने प्राण न्योछावर किए।

दो जवानों को मिला बहादुरी का सम्मान

राइफलमैन सुनील कुमार को मरणोपरांत वीर चक्र दिया गया। वहीं, वायुसेना के सार्जेंट सुरेंद्र कुमार को मरणोपरांत वायु पदक से सम्मानित किया गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने रक्षा अलंकरण समारोह में यह सम्मान उनके परिवार को सौंपा।

युद्ध स्मारक पर हमेशा के लिए दर्ज होंगे नाम

नई दिल्ली के नेशनल वॉर मेमोरियल के ‘त्याग चक्र’ में देश के लिए शहीद हुए जवानों के नाम लिखे जाते हैं। अब ऑपरेशन सिंदूर में शहीद हुए इन छह वीर जवानों के नाम भी यहां हमेशा के लिए दर्ज किए जाएंगे। इससे आने वाली पीढ़ियां भी उनके बलिदान को याद रखेंगी।

Created On :   26 Jun 2026 4:55 PM IST

Tags

Next Story