Telangana Crime: एकतरफा प्यार में घर पहुंचा युवक, चाकू से हमला कर ऑटो चालक की हत्या, बेटा गंभीर, हैदराबाद में खौफनाक वारदात

एकतरफा प्यार में घर पहुंचा युवक, चाकू से हमला कर ऑटो चालक की हत्या, बेटा गंभीर, हैदराबाद में खौफनाक वारदात
हैदराबाद में विवाद के बाद ऑटो चालक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई है। उनका 16 वर्षीय बेटा घायल बताया जा रहा है। पुलिस आरोपी की तलाश और CCTV जांच कर रही है।
डिजिटल डेस्क, हैदराबाद। हैदराबाद के मदन्नापेट इलाके में चाकू से हमला होने के बाद हड़कंप मच गया। बाग-ए-जहरा इलाके में एक घर के बाहर हुए विवाद ने कुछ ही देर में हिंसक रूप ले लिया। इस हमले में 55 साल के ऑटो चालक हश्मत अली खान की जान चली गई है। न्यूज रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनका 16 साल का बेटा उमर अली खान भी गंभीर रूप से घायल हुआ है। उसे इलाज के लिए उस्मानिया जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस को शाम करीब 6:30 बजे घटना की जानकारी मिली थी। पुलिस ने मामले में 27 साल के हबीब महमूद को आरोपी बताया है और उसकी तलाश शुरू कर दी है।

घर पहुंचकर किया हमला

पुलिस के अनुसार, हबीब महमूद कथित तौर पर हश्मत अली खान की बेटी को चाहता था। हालांकि, परिवार वाले इस रिश्ते के लिए तैयार नहीं थे। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कुछ दिनों से कहासुनी भी चल रही थी। इन सब के बीच गुरुवार को आरोपी चाकू लेकर घर पहुंच गया। वहां परिवार से उसकी बहस हुई और बात बढ़ने पर उसने हश्मत और उनके बेटे उमर पर हमला कर दिया। इसके बाद वह वहां से भाग गया। दोनों को कई चोटें आईं। आसपास के लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने हश्मत को मृत घोषित कर दिया।

बेटे की हालत गंभीर

आपको बता दें कि, उमर अली खान की हालत गंभीर बताई जा रही है। फिलहाल उसका इलाज उस्मानिया जनरल अस्पताल में जारी है। घटना के समय परिवार के कुछ लोग घर में ही मौजूद थे। पुलिस अब उनके बयान ले रही है। अधिकारियों का कहना है कि पहले इस विवाद को लेकर किसी थाने में शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों पक्षों के बीच विवाद कब शुरू हुआ था और हमले से पहले क्या हुआ था।

CCTV से आरोपी की तलाश

मामले की जांच के लिए पुलिस ने क्लू टीम को मौके पर बुलाया और वहां से जरूरी सबूत जुटाए। आसपास के CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग भी देखी जा रही है। पुलिस आरोपी के भागने के रास्ते का पता लगाने के लिए तकनीकी जानकारी की मदद ले रही है। फिलहाल हबीब महमूद पुलिस की पकड़ से बाहर है। अधिकारी परिवार और आसपास रहने वाले लोगों से पूछताछ कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि हमले की पूरी वजह जांच के बाद ही साफ होगी।

Created On :   18 Sept 2026 10:37 AM IST

Tags

Next Story