मौसम अपडेट: नौतपा शुरू होने से पहले प्री-मानसून का दिख रहा असर, 19 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट, जानें कैसा रहेगा आज का मौसम

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देशभर में भीषण गर्मी और नौतपा का दौर देखने को मिल रहा है। लेकिन इसी बीच फिर मौसम का दौ तरफा चेहरा देखने को मिल रहा है। कई राज्यों में तेज आंधी, बारिश और गरज-चमक का दौर शुरू होने वाला है। मौसम विभाग के मुताबिक, झारखंड, पंजाब, बिहार, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और आंध्र प्रदेश समेत लगभग 19 राज्यों में मौसम बिगड़ने का अलर्ट जारी किया गया है। विभाग ने ये भी बताया है कि कई जगहों पर तेज और तूफानी हवाएं देखने को मिल सकती है, जिनकी रफ्तार करीब 70 किमी प्रति घंटे तक हो सकती है। कुछ इलाकों में ओले भी गिर सकते हैं।
यह भी पढ़े -सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा से पहले छात्र बोले -तैयारी की कोई निश्चित सीमा नहीं होती, जारी रखते हैं प्रयास
मानसून ने पकड़ी रफ्तार
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है। अरब सागर, बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर के बड़े हिस्सों में मानसून पहुंच चुका है। आने वाले तीन से चार दिनों में इसके और आगे बढ़ने के लिए मौसम पूरी तरह अनुकूल बना हुआ है। केरल, लक्षद्वीप, तमिलनाडु और पूर्वोत्तर के राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिलने की संभावना है।
दिल्ली में गर्मी के साथ बारिश के आसार
राजधानी दिल्ली में फिलहाल गर्मी और लू से राहत मिलती नजर नहीं आ रही। आज तापमान 45 डिग्री तक पहुंच सकता है। मौसम विभाग ने लू चलने और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। हालांकि 25 मई को मौसम बदल सकता है और गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
उत्तर प्रदेश और बिहार में अलर्ट
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में तेज हवाओं के साथ आंधी और बारिश की संभावना जताई गई है। लखनऊ, कानपुर, मेरठ, वाराणसी और नोएडा समेत कई शहरों में गर्मी के बीच मौसम बदल सकता है। वहीं बिहार के पटना, गया, मुजफ्फरपुर और भागलपुर जैसे इलाकों में उमस के साथ तेज आंधी और बारिश के आसार हैं। अगले दो दिनों में कुछ जगहों पर भारी बारिश भी हो सकती है।
पहाड़ी राज्यों में भी बदलेगा मौसम
हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी मौसम खराब रहने के आसार हैं। शिमला, मनाली, देहरादून और नैनीताल जैसे इलाकों में तेज हवाओं, बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। वहीं जम्मू-कश्मीर में भी गरज-चमक और बारिश का दौर देखने को मिल सकता है
Created On :   24 May 2026 12:25 PM IST











