मौसम अपडेट: 17 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट, कई इलाकों में तेज हवाओं की चेतावनी, दिल्ली-यूपी में कैसा रहेगा मौसम?

17 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट, कई इलाकों में तेज हवाओं की चेतावनी, दिल्ली-यूपी में कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग ने 17 राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। यूपी और बिहार में आंधी-बारिश की संभावना है।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश के कई हिस्सों में इस समय भीषण गर्मी पड़ रही है। इसी बीच मौसम विभाग ने बारिश और तेज हवाओं को लेकर नया अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, 7 जून को उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र, केरल, तमिलनाडु समेत 17 राज्यों में हल्की से भारी बारिश हो सकती है। कई जगहों पर 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। पहाड़ी राज्यों में भी मौसम बदल सकता है। वहीं पूर्वोत्तर भारत के कुछ इलाकों में बहुत ज्यादा बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग लोगों को सतर्क रहने और मौसम की जानकारी पर नजर रखने की सलाह दे रहा है।

मानसून तेजी से बढ़ रहा है

मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है। यह महाराष्ट्र, गोवा, कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों तक पहुंच चुका है। अगले कुछ दिनों में मानसून के महाराष्ट्र, तेलंगाना, छत्तीसगढ़ और ओडिशा के अन्य इलाकों तक पहुंचने की संभावना है। केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु और पूर्वोत्तर राज्यों में अगले सात दिनों तक भारी बारिश हो सकती है।

दिल्ली और उत्तर प्रदेश का मौसम

दिल्ली में 7 जून को आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। तेज हवाएं भी चल सकती हैं। 8 और 9 जून को तापमान बढ़कर 41 से 42 डिग्री तक पहुंच सकता है।

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। पूर्वी यूपी में 10 से 12 जून के बीच बारिश की संभावना है। वहीं 9 से 10 जून के दौरान कई इलाकों में लू चल सकती है। पश्चिमी यूपी में 11 और 12 जून को बारिश होने के आसार हैं।

बिहार में आंधी और बारिश की संभावना

बिहार के कई जिलों में 7 जून को आंधी और बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। पटना, गया, नालंदा, वैशाली, रोहतास और अन्य जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। भागलपुर और बांका में भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग का कहना है कि 9 और 10 जून को राज्य के कई हिस्सों में अच्छी बारिश देखने को मिल सकती है।

Created On :   7 Jun 2026 9:46 AM IST

Tags

Next Story