मौसम अपडेट: दिल्ली-NCR में बारिश, पहाड़ी इलाकों में भारी बर्फबारी का अनुमान, कैसा रहेगा राजस्थान का मौसम?

दिल्ली-NCR में बारिश, पहाड़ी इलाकों में भारी बर्फबारी का अनुमान, कैसा रहेगा राजस्थान का मौसम?
उत्तर भारत में ठंड, बारिश और तेज हवाओं का असर दिखेगा। पहाड़ों में बर्फबारी की चेतावनी है, जबकि राजस्थान में तापमान बढ़ने से हल्की राहत मिल सकती है।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। फरवरी शुरू होते ही उत्तर भारत के मौसम ने फिर से करवट ले ली है। ठंड एक बार फिर तेज हो गई है और कई जगह बारिश की संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ के असर से दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, बिहार, पंजाब और हरियाणा में अगले कुछ दिनों तक ठंडी हवाएं चलेंगी। दिल्ली और आसपास के इलाकों में हल्की बारिश और बूंदाबांदी हो सकती है। आने वाले तीन दिनों तक ठंड ज्यादा महसूस होगी, क्योंकि तेज हवाएं चलती रहेंगी।

दिल्ली में बढ़ा वायु प्रदूषण

दिल्ली में बुधवार सुबह घना कोहरा देखने को मिला, जिससे सड़कों पर चलना मुश्किल हो गया। कई जगह गाड़ियों की रफ्तार धीमी रही। मौसम विभाग ने बताया कि सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, सुबह के समय हवा की गुणवत्ता भी खराब रही। नौ बजे के करीब एक्यूआई 319 रहा, जो सेहत के लिए ठीक नहीं माना जाता है।

पहाड़ी राज्यों में मौसम एक बार फिर बिगड़ने वाला है। ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और बारिश के आसार बताए गए हैं। हिमाचल प्रदेश के चंबा, कुल्लू और किन्नौर जिलों में ज्यादा खराब मौसम को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। यहां लोगों को सावधान रहने की सलाह दी गई है।

कैसा रहेगा राजस्थान का मौसम?

दूसरी ओर, राजस्थान में आने वाले दिनों में ठंड से थोड़ी राहत मिल सकती है। बीते 24 घंटों के दौरान राज्य का मौसम अधिकतर सूखा रहा। कुछ जगहों पर हल्का से मध्यम कोहरा भी देखने को मिला। मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, अगले तीन से चार दिनों तक राज्य के ज्यादातर हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा। इस दौरान न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने की संभावना है। हालांकि, 8 फरवरी की रात से एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत में असर दिखा सकता है, जिससे मौसम में फिर बदलाव आ सकता है।

Created On :   5 Feb 2026 9:04 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story