कांग्रेस का प्रोटेस्ट: संसद में 'PM इज कॉम्प्रोमाइज्ड' का पोस्टर लिए खड़े नजर आए कांग्रेस सांसद, राहुल गांधी ने भी लिया प्रदर्शन में हिस्सा

संसद में PM इज कॉम्प्रोमाइज्ड का पोस्टर लिए खड़े नजर आए कांग्रेस सांसद, राहुल गांधी ने भी लिया प्रदर्शन में हिस्सा
कांग्रेस सांसदों ने 'PM इज कॉम्प्रोमाइजड' का पोस्टर लेकर संसद परिसर में जोरदार नारेबाजी की। इस प्रोटेस्ट में राहुल गांधी ने भी हिस्सा लिया है।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कांग्रेस सांसदों ने बुधवार (4 फरवरी) को संसद परिसर में जोरदार हंगामा किया। नेताओं ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी संग संसद की सीढ़ियों पर 'PM इज कॉम्प्रोमाइज्ड' पोस्टर लेकर विरोध प्रदर्शन किया। बता दें, यह प्रोटेस्ट उन सांसदों की ओर से किया गया जिन्हें कल सदन के नियमों के उल्लंघन के चलते सस्पेंड कर दिया गया था। कल यानि मंगलवार को राहुल गांधी ने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर मीडिया से बात करते हुए यही आरोप लगाया था।

राहुल गांधी का आरोप

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा, "किसी न किसी कारण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उस समझौते पर हस्ताक्षर कर दिया। पीएम मोदी पर भयंकर दबाव हैं। उन्हें इस बात का डर है कि उनकी छवि का गुब्बारा फूट सकता है जो हजारों करोड़ रुपये खर्च करके बनाया गया। असल में समस्या नरवणे जी का बयान नहीं है, ये साइड शो है। बड़ी बात ये है कि भारत के प्रधानमंत्री कंप्रोमाइज्ड हो चुके हैं। जो ट्रेड डील चार महीने से रुकी हुई थी, उसमें कुछ बदला नहीं और कल शाम उस ट्रेड डील को साइन कर दिया गया।"

उन्होंने दावा किया, "प्रधानमंत्री को किसने कंप्रोमाइज्ड किया है, कैसे किया है यह हिंदुस्तान की जनता को सोचना है। हिंदुस्तान के किसानों को यह समझना चाहिए कि इस समझौते में आपकी मेहनत और खून-पसीने को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बेच दिया है। उन्होंने सिर्फ आपको नहीं, देश को बेच दिया है।’ राहुल गांधी ने दावा किया कि उन्हें लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर लाए गए धन्यवाद प्रस्ताव पर बोलने नहीं दिया जा रहा है।"

यह भी पढ़े -'हर चीज की होती है मर्यादा' कर्नाटक BJP के पोस्ट पर डिप्टी सीएम ने अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के दुरुपयोग के लगाए आरोप

क्यों किया सांसदों को सस्पेंड?

लोकसभा सांसद गुरजीत सिंह औजला, हिबी ईडन, डीन कुरियाकोस, अमरिंदर सिंह राजा वारिंग, बी. मणिकम टैगोर, डॉ. प्रशांत यादवराव पाडोले, चमाला किरण कुमार रेड्डी और एस. वेंकटेशन को कल सदन के नियमों का उल्लंघन करने के लिए बजस सत्र में होने वाली बाकी की कार्यवाही से सस्पेंड कर दिया गया था। आरोप है कि इन नेताओं ने पेपर फाड़ कर स्पीकर की तरफ उछाला। वहीं, विपक्ष का आरोप है कि राहुल गांधी को पूर्व सेना प्रमुख जनरल एम.एम. नरवणे की अप्रकाशित आत्मकथा (Memoir) और भारत-चीन सीमा विवाद पर बोलने से रोका गया, जिसके विरोध में हंगामा हुआ।

Created On :   4 Feb 2026 12:44 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story