- Home
- /
- BJYM की किताब में जवाहरलाल नेहरू को...
BJYM की किताब में जवाहरलाल नेहरू को बताया 'सत्ता का लालची'

डिजिटल डेस्क,भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में बीजेपी की ओर से प्रकाशित एक किताब में देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू को सत्ता का लालची व्यक्ति बताया गया है। इसके बाद विवाद खड़ा हो गया है। कांग्रेस ने बीजेपी पर निशाना साधना शुरू कर दिया है।
गौरतलब है कि मंगलवार को प्रदेश में बीजेपी युवा मोर्चा मध्य प्रदेश की ईकाई की तरफ से मेरे दीनदयाल सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। इसके लिए बीजेपी मोर्चा ने ‘मेरे दीनदयाल नाम किताब प्रकाशित करवाई थी। इस किताब को प्रदेश के 26 लाख बच्चों को 10 रुपए में बेचा गया , ताकि वो किताब से पढ़कर प्रतियोगिता में भाग ले सकें।
इस प्रतियोगिता के प्रश्नपत्र में ज्यादातर सवाल राज्य की बीजेपी सरकार से जुड़े हुए थे। इस दौरान यह सवाल भी पूछा गया कि आपातकाल किसने लगाया? किताब में पंडित नेहरू को सत्ता का लालची बताया गया है। इस पुस्तक में लिखा है, "दीनदयाल उपाध्याय का स्पष्ट मत था कि भारत माता को खंडित किए बिना भी भारत की आजादी प्राप्त की जा सकती है और भारत माता को परम वैभव तक पहुंचाने में हम अधिक तीव्र गति से सफल हो सकते हैं, किंतु पंडित नेहरू और जिन्ना के सत्ता के लालच और अंग्रेजों की चाल में आ जाने से भारतवासियों का यह सपना पूर्ण नहीं हुआ और खंडित भारत को आजादी मिली।" इस पुस्तिका में एक तरफ सवालों के जरिए कांग्रेस को घेरा गया।
कांग्रेस के निशाने पर बीजेपी
इस किताब के सामने आने के बाद से बीजेपी कांग्रेस के निशाने पर आ गई है। नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने कहा कि बीजेपी को भी यह पता है कि पंडित नेहरू ने इस देश के लिए क्या किया, आजादी की लड़ाई में कई बार जेल गए। बीजेपी जानबूझकर आजादी के सेनानियों के नाम मिटाने पर तुली है। वहीं प्रवक्ता पंकज चतुर्वेदी ने कहा कि बीजेपी अपने एजेंडे को बढ़ाने के लिए स्कूली बच्चों का इस्तेमाल कर रही है। बीजेपी का कोई भी कार्यक्रम आधुनिक भारत के संस्थापक पंडित नेहरू को अपशब्द कहे बिना पूरा नहीं होता।
वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड में दर्ज प्रतियोगिता
वहीं मंगलवार को BJYM के प्रदेश अध्यक्ष ने अभिलाष पांडे ने बताया कि भारतीय जनता युवा मोर्चा, मध्यप्रदेश द्वारा आयोजित राष्ट्रचिन्तक पंडित दीनदयाल उपाध्याय सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता मेरे दीनदयाल ने विश्व कीर्तिमान स्थापित किया है। वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड की और से आधिकारिक रूप से प्रमाणित करते हुए सूचित किया है कि भाजयुमो द्वारा आयोजित प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश के साथ ही 40 देशों से 30 लाख से अधिक प्रतिभागी सम्मिलित हुए यह विश्व कीर्तिमान में दर्ज किया जाता है। क्योंकि एक समय मे 30 लाख से अधिक युवाओं को एक साथ अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में शामिल करवाना ऐतिहासिक महत्व का कार्य है जो आने वाले समय मे अनुकरणीय होगा।
Created On :   24 Jan 2018 7:56 AM IST