मुंबई में भारी बारिश से लोग परेशान, BMC ने रद्द की अफसरों की छुट्टी

मुंबई में भारी बारिश से लोग परेशान, BMC ने रद्द की अफसरों की छुट्टी

डिजिटल डेस्क, मुंबई। मुंबई में आज (7 जून) झमाझम बारिश हुई। भारी बारिश के बाद शहर के कई हिस्सों में पानी जमा हो गया। इससे सड़कों पर तो ट्रैफिक जाम हुआ ही, साथ ही हवाई सेवाओं पर भी असर पड़ा। इन सब के बीच मौसम विभाग द्वारा इस सप्ताह के अंत में शनिवार, रविवार को भी भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग के इस पूर्वानुमान को देखते हुए बृहृन्‍मुंबई महानगरपाल‍िका (BMC) ने अपने अफसरों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं।
 


मुंबई में आज हुई बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह से थाम कर रख दिया है। रास्तों पर पानी भरे होने से आवागमन तो ठप है ही एयरपोर्ट पर आने वाली फ्लाइटों को भी डायवर्ट किया जा रहा है। यहां जेट एयरवेज की लंदन से मुंबई आने वाली फ्लाइट को अहमदाबाद एयरपोर्ट पर डाटवर्ट किया गया है। इसके साथ ही 8 अन्य फ्लाइटों को भी अलग-अलग एयरपोर्ट्स पर डायवर्ट किया गया है।
 


मीडियी रिपोर्ट्स की मानें तो बारिश के कारण रेल सेवा भी बाधित हुई है। यहां सेंट्रल लाइन की लोकल ट्रेनें करीब 15 से 20 मिनट लेट चल रही हैं। वहीं वेस्टर्न लाइन की ट्रेनें 20 से 25 मिनट देरी से चल रही है।

मुंबई में मानसून की इस आहट पर ही BMC की तैयारियों की पोल खुल गई है। अधिकतर क्षेत्रों में जल भराव की समस्या सामने आई है। खासकर मालाबार हिल, हिंदमाता, धारावी, बायकुला, दादर टीटी, कबुतरखाना, किंग सर्कल, नागपाडा, सांताक्रूज (ईस्ट) और मरोल मारोशी में जल भराव से ज्यादा समस्याएं सामने आ रही है। यहां घरों में भी जल भराने की शिकायतें की जा रही है।

मौसम विभाग ने 9 और 10 जून को मुंबई में तेज हवा के साथ भारी बारिश का अंदेशा जताया है। IMD के अनुसार, अगले 6 दिन कोंकण इलाके में भारी बारिश का अनुमान है। वहीं रत्नागिरि और सिंधुदुर्ग जिलों में आज और कल (8 जून) को तेज बारिश की संभावनाएं जताई गई हैं। इसके साथ ही 9 जून को रत्नागिरि, सिंधुदुर्ग, मुंबई, ठाणे, रायगढ और पालघर जिलों में और 10 और 11 जून को मुंबई और इसके आसपास के इलाकों सहित कोंकण क्षेत्र के छह जिलों में तेज बारिश की संभावनाएं जताई गई  हैं।

Created On :   7 Jun 2018 9:40 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story