रोहिंग्या कहने पर फूंका केन्द्रीय मंत्री का पुतला, उग्र आंदोलन की दी चेतावनी

Sapaks burned Union Minister effigy over his rohingya remarks
रोहिंग्या कहने पर फूंका केन्द्रीय मंत्री का पुतला, उग्र आंदोलन की दी चेतावनी
रोहिंग्या कहने पर फूंका केन्द्रीय मंत्री का पुतला, उग्र आंदोलन की दी चेतावनी

डिजिटल डेस्क, टीकमगढ़। केन्द्रीय राज्य मंत्री एवं टीकमगढ़ सांसद डॉ. वीरेन्द्र कुमार खटीक के बंगले के बाहर बुधवार शाम सपाक्स एवं सवर्ण समाज से जुड़े युवाओं ने उनका पुतला जलाया। नौगांव में कार्यक्रम के दौरान डॉ. खटीक ने सपाक्स के लोगों को रोहिंग्या कहकर संबोधित किया था। इस  विवादित बयान पर तीखी प्रतिक्रियाएं होने लगी हैं। युवाओं ने खुलकर बोला कि अगर सांसद ने इस्तीफा नहीं दिया तो उनके खिलाफ आंदोलन किया जाएगा।

स्थानीय सांसद के निवास के बाहर आज सपाक्स और सवर्ण समाज के युवाओं ने पुतला जलाकर आक्रोश जताया है। इस दौरान जमकर नारेबाजी की गई। देर-सबेर पुलिस भी मौके पर पहुंची। नगर पालिका से फायर ब्रिगेड बुलाकर जलते पुतले को बुझवाया गया।

सपाक्स से जुड़े युवाओं ने सामूहिक रूप से आक्रोश जताते हुए कहा कि सांसद डॉ. वीरेन्द्र कुमार को सपाक्स से जुड़े कार्यकर्ताओं को रोहिंग्या नहीं कहना चाहिए। उनका यह बयान ओछी मानसिकता दर्शाता है, जिसका हम सब विरोध करेंगे।

सपाक्स एवं सवर्ण समाज के युवाओं ने साथियों के साथ मिलकर मीडिया के सामने आकर चेतावनी दी है कि सांसद डॉ. वीरेन्द्र कुमार ने सपाक्स के लोगों को रोहिंग्या कहा है, जिसका मतलब होता है बाहरी लोग। अगर हम लोग बाहरी है तो क्यों हम लोगों से वोट मांगे जा रहे हैं। हम सब को तो देश से बाहर निकाला जाना चाहिए। मुख्यमंत्री जनआशीर्वाद यात्रा निकालकर क्यों हम सब लोगों से वोट मांग रहे हैं। अगर जल्द ही केन्द्रीय राज्य मंत्री डॉ. खटीक ने इस्तीफा नहीं दिया तो हम सब लोग उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य हो जाएंगे।

गौरतलब है कि बीते रोज छतरपुर जिले के नौगांव में कार्यक्रम के दौरान केन्द्रीय राज्य मंत्री एवं टीकमगढ़ सांसद डॉ. वीरेन्द्र कुमार को ज्ञापन देने सपाक्स के लोग पहुंचे थे। इस दौरान सांसद ने झुंझलाते हुए सपाक्स के लोगों को दरकिनार किया था। इतना ही नहीं उन्होंने सपाक्स के लोगों को रोहिंग्या की उपाधि दे डाली। जब डॉ. वीरेन्द्र कुमार रोहिंग्या की उपाधि दे रहे, तभी इनकी बात को रिकार्ड किया गया। वीडियों रिकॉर्डिंग के बाद इस टिप्पणी को सोशल मीडिया ने आगे बढ़ाया। मामले ने तूल पकड़ा और अब टीकमगढ़ में ही इनके खिलाफ प्रदर्शन होने लगे हैं।

 

Created On :   19 Sept 2018 1:35 PM IST

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story