शिवसेना कार्यकर्ताओं के हमले में घायल युवक से मिले भाजपा और कांग्रेस नेता

Shiv Sena workers attacked on north indian, BJP leader meet with victim
 शिवसेना कार्यकर्ताओं के हमले में घायल युवक से मिले भाजपा और कांग्रेस नेता
 शिवसेना कार्यकर्ताओं के हमले में घायल युवक से मिले भाजपा और कांग्रेस नेता

डिजिटल डेस्क, मुंबई। भाजपा व कांग्रेस के उत्तरभारतीय नेताओं ने शिवसेना कार्यकर्ताओं के हमले में घायल उत्तर भारतीय युवक विशाल पांडेय से अस्पताल जाकर मुलाकात की। इस दौरान मुंबई भाजपा महासचिव ने शिवसेना के राममंदिर निर्माण अभियान पर सवाल खड़े करते हुए कहा कहा कि शिवसेना हिंदुत्व के नाम पर प्रांतवाद की राजनीति करती है। भारतीय जनता युवा मोर्चा, मुंबई के अध्यक्ष मोहित कंबोज के नेतृत्व में गए भाजपा नेताओं ने कहा कि मुंबई में हर धर्म, जाति, क्षेत्र और भाषा के लोग रहते हैं। यहां देश की हर संस्कृति फल-फूल रही है। इस शहर के विकास में हर किसी को योगदान है। इसीलिए यहां क्षेत्र, भाषा या जाति के नाम पर किसी पर हमला करना बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। मुंबई भाजपा के उत्तरभारतीय मोर्चा अध्यक्ष संतोष पांडेय ने इस घटना की निंदा करते हुए कहा कि कुछ लोग वोटबैंक राजनीति के लिए मेहकशों को निशाना बनाते रहते हैं। कंबोज के साथ उत्तर भारतीय मोर्चा के अध्यक्ष संतोष पांडेय और महामंत्री उग्रसेन सिंह सहित कई नेता  मौजूद थे।

प्रांतवाद से ऊपर नहीं उड़ पा रही हिंदुत्व की बात करने वाली शिवसेना: मिश्र
मुंबई भाजपा के महामंत्री व अभियान संस्था के संस्थापक अमरजीत मिश्र ने भी केईएम अस्पताल पहुंच कर शिवसेना कार्यकर्ताओं के हमले में घायल युवक से मुलाकात की। मिश्र ने अभियान की ओर से वैद्यकीय सहयोग के लिए पन्द्रह हजार रुपये की तत्काल मदद की। अमरजीत मिश्र ने हिंदुत्व के नाम पर प्रांतवाद का एजेंडा चलाने वाली शिवसेना की आलोचना करते हुए कहा कि राम मंदिर के लिए गाल बजाने वाले शिवसेना नेताओं को चाहिए कि पहले वे प्रांतवाद का जहर उगलना बंद करें।

मुझे नहीं लगता कि शिवसेना के बड़े नेता घटनाओं को तूल देंगे: कृपाशंकर सिंह
दादर के प्रभादेवी इलाके में शिवसैनिकों की पिटाई में जख्मी हुए उत्तर भारतीय युवक विशाल पांडे के परिवार से शुक्रवार को महाराष्ट्र के पूर्व गृह राज्यमंत्री व कांग्रेस नेता कृपाशंकर सिंह ने मुलाकात की। बाद में उन्होंने दादर पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक दिवाकर शेल्के से मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। कृपाशंकर सिंह ने स्थानीय स्तर के शिवसैनिकों ने भले ही इसे प्रांतवाद और भाषावाद का रंग देकर पूरे घटनाक्रम को राजनीतिक रंग देने का प्रयास किया, परंतु मुझे नहीं लगता कि शिवसेना के बड़े नेता एेसी घटनाओं को तूल देकर बढ़ावा देने का काम करेंगे। 

क्या है मामला
उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के पट्टी इलाके के मूल निवासी विशाल पांडे, उनके भाई और बहन की शिवसैनिकों द्वारा गुरुवार को सड़क पर दुकान लगाने को लेकर बेरहमी से पिटाई की गई थी। इसका सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिसमें शिवसेना का एक शाखा प्रमुख भी शामिल है।  
 

 

Created On :   26 Oct 2018 2:48 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story