एस.डी. बर्मन की जयंती पर भावुक हुए जैकी श्रॉफ, बोले- 'आपको याद कर रहा हूं'

मुंबई, 1 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारतीय फिल्म संगीत के इतिहास में कुछ नाम ऐसे हैं, जिनकी धुनें और आवाजें आज भी दिलों को छू जाती हैं। ऐसे ही एक महान संगीतकार थे सचिन देव बर्मन, जिन्हें फैंस एस.डी. बर्मन के नाम से जानते हैं। बुधवार को उनकी 119वीं जयंती पर पूरा देश उन्हें याद कर रहा है। इस मौके पर अभिनेता जैकी श्रॉफ ने सोशल मीडिया के जरिए उन्हें श्रद्धांजलि दी।
जैकी श्रॉफ ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एस.डी. बर्मन की एक पुरानी ब्लैक एंड व्हाइट तस्वीर साझा की और लिखा, "एस.डी. बर्मन को उनकी जयंती पर याद कर रहा हूं।"
एस.डी. बर्मन न केवल एक मशहूर संगीतकार थे, बल्कि त्रिपुरा के शाही परिवार से भी ताल्लुक रखते थे। उनका व्यक्तित्व उतना ही शालीन और प्रभावशाली था, जितना उनका संगीत। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत 1937 में बंगाली फिल्मों से की थी। इसके बाद उन्होंने हिंदी सिनेमा की ओर रुख किया और फिर पीछे मुड़कर नहीं देखा। उन्होंने 100 से भी ज्यादा फिल्मों के लिए संगीत रचा, जिनमें कई यादगार और क्लासिक गाने शामिल हैं। उनके बनाए गीत आज भी रेडियो, टीवी और लोगों की यादों में बरकरार हैं।
उन्होंने पूर्वी बंगाल की लोक धुनों को अपनी आवाज में ढाला और साथ ही शास्त्रीय संगीत में भी हाथ आजमाया। उनके बनाए गानों में किशोर कुमार, लता मंगेशकर, मोहम्मद रफी, गीता दत्त, मन्ना डे, और आशा भोसले जैसे दिग्गज गायकों ने अपनी आवाज दी, जिससे उनका संगीत और भी यादगार हो गया।
उनके जीवन का अंतिम दौर दुखद रहा। फिल्म 'मिली' के गाने 'बड़ी सूनी सूनी है' की रिहर्सल के बाद वे कोमा में चले गए थे और कुछ ही दिनों बाद, 31 अक्टूबर 1975 को मुंबई में उनका निधन हो गया।
जैकी श्रॉफ के बारे में बात करें तो, इन दिनों वह अपनी आगामी फिल्म 'वेलकम टू द जंगल' को लेकर चर्चा में हैं। यह एक मल्टीस्टारर फिल्म है, इसमें अक्षय कुमार, संजय दत्त, सुनील शेट्टी, रवीना टंडन, अरशद वारसी जैसे कई बड़े कलाकार भी नजर आएंगे। फिल्म के निर्देशक अहमद खान हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   1 Oct 2025 1:07 PM IST