जापान इजू द्वीप समूह में तूफान 'हैलोंग' का कहर, मछली पकड़ने गए शख्स की मौत

जापान इजू द्वीप समूह में तूफान हैलोंग का कहर, मछली पकड़ने गए शख्स की मौत
गुरुवार को टोक्यो के दक्षिण में इजू द्वीप समूह पर तूफान हैलोंग ने काफी कहर बरपाया। सरकार ने निवासियों को भूस्खलन और बाढ़ के प्रति सतर्क रहने को कहा है।

टोक्यो, 9 अक्टूबर (आईएएनएस)। गुरुवार को टोक्यो के दक्षिण में इजू द्वीप समूह पर तूफान हैलोंग ने काफी कहर बरपाया। सरकार ने निवासियों को भूस्खलन और बाढ़ के प्रति सतर्क रहने को कहा है।

क्योदो न्यूज एजेंसी ने जापान मौसम विज्ञान एजेंसी के हवाले से बताया है कि तूफान हैलोंग प्रशांत महासागर के ऊपर उत्तर-पूर्व दिशा में बढ़ रहा है। इसे देखते हुए जापानी राजधानी से लगभग 280 किलोमीटर दक्षिण में स्थित हचिजो द्वीप के लिए अलर्ट जारी किया गया।

दोपहर 2:30 बजे तक अलर्ट को घटाकर चेतावनी में बदल दिया गया था। एजेंसी ने हचिजो और छह अन्य द्वीप नगर के लिए तेज हवाओं और ऊंची लहरों की विशेष चेतावनी पहले जारी की थी। पूरे इलाके में तूफानी हवाओं, ऊंची लहरों और भारी बारिश की विशेष चेतावनी जारी की गई। स्थानीय निवासियों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाने का निर्देश पहले ही दे दिया गया था।

जापान तटरक्षक बल ने जहाजों को तूफान के अनुमानित रास्ते से दूर रहने की सलाह लोगों को दी, जबकि द्वीपों के लिए पहले ही उड़ानें और नौका सेवाएं स्थगित कर दी गई थीं। आपातकालीन टीमें भी तैनात कर दी गई हैं।

एजेंसी के अनुसार, सुबह 7 बजे तक तीन घंटों में हचिजो में 207 मिलीमीटर बारिश हुई, जो इस क्षेत्र में अब तक की सबसे अधिक बारिश है।

मौसम के बदलते मिजाज के चलते क्षेत्र के सैकड़ों निवासियों को निकासी केंद्रों में शरण लेनी पड़ी। एजेंसी ने यह भी कहा कि गुरुवार सुबह हचिजो में 196.92 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं।

पुलिस ने बताया कि प्रशांत महासागर के सामने कनागावा प्रांत के ओइसो में मछली पकड़ रहे तीन लोग लहरों में बह गए, जिनमें से दो बच गए लेकिन एक की मौत हो गई। स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि उस समय शहर में ऊंची लहरों और तेज हवाओं के लिए चेतावनी जारी की गई थी।

मौसम विज्ञानियों के अनुसार, इस तूफान का असर कैलिफोर्निया में भी दिखेगा, जहां असामान्य रूप से तेज बारिश और बर्फबारी हो सकती है। कैलिफोर्निया में यह कई दिनों तक चलने वाले तूफान का रूप धारण कर सकता है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   9 Oct 2025 5:13 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story