रजा मुराद ने याद किए अपने यादगार किरदार, फैंस ने की तारीफ

रजा मुराद ने याद किए अपने यादगार किरदार, फैंस ने की तारीफ
हिंदी सिनेमा के वरिष्ठ अभिनेता रजा मुराद ने अपने शानदार अभिनय से दशकों तक दर्शकों के दिलों पर राज किया है। रविवार को उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए अपने पुराने किरदारों को याद किया।

मुंबई, 12 अक्टूबर (आईएएनएस)। हिंदी सिनेमा के वरिष्ठ अभिनेता रजा मुराद ने अपने शानदार अभिनय से दशकों तक दर्शकों के दिलों पर राज किया है। रविवार को उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए अपने पुराने किरदारों को याद किया।

रजा मुराद ने इंस्टाग्राम पर एक मोंटाज वीडियो शेयर किया, जिसमें उनके मशहूर किरदारों की झलकियां दिखाई गईं। इस वीडियो को कैप्शन देते हुए उन्होंने लिखा, "मेरे कुछ यादगार सीन और किरदारों की झलकियां, जिनमें मेरे सह कलाकारों के साथ खास पल भी शामिल हैं।"

रजा मुराद का यह वीडियो प्रशंसकों के लिए किसी सिनेमाई खजाने से कम नहीं है। सोशल मीडिया पर उनके पोस्ट को देखकर प्रशंसक पुरानी यादों में खो गए और कमेंट सेक्शन पर उनकी तारीफ कर रहे हैं।

रजा मुराद अपनी दमदार आवाज और प्रभावशाली अभिनय के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने कई बॉलीवुड फिल्मों जैसे 'पद्मावत', 'बाजीराव मस्तानी' और 'जोधा अकबर' में यादगार किरदार निभाए हैं।

रजा मुराद ने अपने करियर में 'बॉबी', 'प्रेम रोग', 'राम तेरी गंगा मैली', 'हिना', 'नमक हराम', 'राम लखन', और 'एक नजर' जैसी सुपरहिट फिल्मों में काम किया है। उनकी दमदार आवाज और अभिनय की बारीकियां हर किरदार को जीवंत बना देती हैं। चाहे नकारात्मक किरदार हों या सहायक भूमिकाएं, रजा मुराद ने हर रोल में अपनी छाप छोड़ी। उनकी फिल्मों ने न सिर्फ बॉक्स ऑफिस पर सफलता हासिल की, बल्कि दर्शकों के दिलों में भी खास जगह बनाई।

छोटे पर्दे पर भी रजा मुराद ने अपनी प्रतिभा का जादू बिखेरा है। उन्होंने 'मधुबाला', 'वीर शिवाजी', 'बाइबल की कहानियां', 'रिश्तों की डोर', और 'क्रांति' जैसे लोकप्रिय टीवी धारावाहिकों में काम किया। इन शोज में उनकी भूमिकाओं को दर्शकों ने खूब सराहा। उनकी बहुमुखी प्रतिभा और स्क्रीन पर मौजूदगी ने उन्हें हर पीढ़ी के दर्शकों का पसंदीदा बनाया है।

अभिनेता की अपकमिंग फिल्मों की बात करें तो वह जल्द ही 'बीहु अटैक' में नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन सुजाद इकबाल खान ने किया है। वहीं, इसमें देव मेनारिया, डेजी शाह, और अरबाज खान मुख्य भूमिका में हैं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   12 Oct 2025 3:17 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story