पॉपुलैरिटी पोल में पंकज धीर ने दी थी अमिताभ बच्चन और राजीव गांधी को टक्कर, हासिल किया था तीसरा स्थान

दिल्ली, 15 अक्टूबर (आईएएनएस)। टेलीविजन शो 'महाभारत' में कर्ण की भूमिका निभाने वाले दिग्गज कलाकार पंकज धीर का निधन हो गया है। एक्टर कैंसर की बीमारी से जूझ रहे थे और बुधवार को उन्होंने आखिरी सांस ली।
पंकज को आज भी बीआर चोपड़ा की 'महाभारत' में कर्ण के शानदार रोल के लिए जाना जाता है। उनकी डायलॉग डिलीवरी और चेहरे के भावों ने फैंस का दिल जीत लिया था, लेकिन क्या आप जानते हैं कि कर्ण का रोल मिलने से पहले पंकज सूर्य पुत्र कर्ण के बारे में कुछ नहीं जानते थे?
पंकज धीर ने भले ही महाभारत में कर्ण का रोल प्ले किया, लेकिन पहले उन्हें अर्जुन के रोल के लिए चुना गया था। एक इंटरव्यू में खुद पंकज ने इस बात का खुलासा किया था कि 3-4 महीनों तक तो वो मुंबई में अर्जुन बनकर घूमे थे क्योंकि ऑडिशन के समय उन्हें अर्जुन का रोल ऑफर हुआ था। पंकज की कद-काठी और चेहरे के बनाव की वजह से उन्हें अर्जुन का रोल मिला, लेकिन फिर 4 महीने बाद उन्हें दफ्तर में बुलाया गया और कर्ण का रोल करने के लिए कहा गया। पहले तो पंकज ने कर्ण का रोल करने से मना किया क्योंकि उन्हें अपनी मूछें हटानी थीं। पंकज को लगता था कि अगर वो मूछें हटा देंगे तो अच्छे नहीं लगेंगे, लेकिन लोगों के कहने पर उन्होंने किरदार करने के लिए हां कर दिया।
पुराने इंटरव्यू में पकंज ने बताया कि कर्ण के रोल ने उनके जीवन को बदल दिया और उन्हें इतनी ज्यादा पॉपुलैरिटी मिली कि पॉपुलैरिटी पोल में वो तीसरे नंबर पर रहे थे। पहले नंबर और दूसरे पर राजीव गांधी और अमिताभ बच्चन थे।
पकंज ने कर्ण के रोल को करने के लिए हां तो कर दी थी, लेकिन उनका उच्चारण बिल्कुल भी शुद्ध नहीं था और वो कर्ण के बारे में कुछ नहीं जानते थे। इंटरव्यू में पकंज ने कहा था कि "मुझे कर्ण के बारे में कुछ नहीं पता था, मैं बंबई का लड़का था।" इतना ही नहीं, पकंज को संस्कृत के शब्दों का ज्ञान नहीं था और पहले दिन सेट पर डायलॉग बोलते हुए उनकी हालत खराब हो गई थी। फिर उन्हें अपना उच्चारण सुधारने और हिंदी भाषा के शब्दों को सुधारने के लिए अखबार और किताब पढ़ने की सलाह दी गई।
बता दें कि महाभारत में जब कर्ण की मौत हुई थी, तो लोग इतने परेशान हुए थे कि बस्तर के एक गांव में हजारों लोगों ने अपना सिर मुंडवा लिया था और एक्टर खुद उनसे मिलने के लिए गए थे।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   15 Oct 2025 6:19 PM IST