केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मिले चिराग, चुनावी रणनीतियों पर की चर्चा, जीत का किया दावा

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मिले चिराग, चुनावी रणनीतियों पर की चर्चा, जीत का किया दावा
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह इन दिनों बिहार के दौरे पर हैं। शनिवार को उनसे लोजपा (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान ने मुलाकात की और चुनावी रणनीतियों पर चर्चा की। बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर इस मुलाकात को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

पटना, 18 अक्टूबर (आईएएनएस)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह इन दिनों बिहार के दौरे पर हैं। शनिवार को उनसे लोजपा (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान ने मुलाकात की और चुनावी रणनीतियों पर चर्चा की। बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर इस मुलाकात को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

मुलाकात के बाद लोजपा (रामविलास) के प्रमुख और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने एनडीए की जीत का दावा किया। मुलाकात के बाद केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उनकी पार्टी का लक्ष्य इस चुनाव में भी 100 प्रतिशत स्ट्राइक रेट से चुनाव जीतना होगा।

उन्होंने कहा कि एनडीए गठबंधन सुचारू रूप से चल रहा है, सीटों को लेकर कोई भ्रम नहीं है और हर पार्टी को उचित सम्मान दिया गया है। उन्होंने भाजपा और जदयू को धन्यवाद देते हुए कहा कि दोनों ने बड़ा दिल दिखाया है। हम लोगों के सारे नामांकन तय हो चुके हैं। महागठबंधन की तरह कोई संशय नहीं है। अब हमने चुनावी प्रचार की शुरुआत कर दी है।

उन्होंने कहा कि एक तरफ जहां महागठबंधन एक दूसरे की दावेदारी को काटने का प्रयास कर रहा है, वहीं हम चुनावी मैदान में हैं। उन्होंने तेजस्वी यादव के मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर कहा कि गठबंधन ही नहीं कह रहा है। ऐसे में अगर कार्यकर्ता सोचते हैं कि जनता इन्हें स्वीकार करेगी, तो मैं नहीं मानता कि जिस गठबंधन में इतना संशय हो, वह बिहार को विकास की सोच पाएगा।

उन्होंने कहा कि विपक्षी गठबंधन में कुछ भी सही नहीं है। विवाद चरम पर है। उन्होंने बताया कि वह आज गोविंदगंज जा रहे हैं, जहां उनके प्रत्याशी राजू तिवारी के नामांकन में जनसभा होगी। चिराग ने विश्वास जताया कि एनडीए एकजुट है और हम लोगों की ऐतिहासिक जीत होगी।

उल्लेखनीय है कि बिहार विधानसभा चुनाव के लिए एनडीए में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड और भारतीय जनता पार्टी 101-101 सीट पर चुनाव लड़ रही है, जबकि केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की पार्टी लोजपा (रामविलास) को 29 सीट मिली हैं। पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी की हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) और राज्यसभा सदस्य उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक मोर्चा को छह-छह सीटें मिली हैं। बिहार विधानसभा चुनाव का पहला चरण 6 नवंबर को और दूसरा चरण 11 नवंबर को होगा। मतगणना 14 नवंबर को होगी।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   18 Oct 2025 12:08 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story