कांग्रेस के नाराज गुट की मांग, कृष्णा अल्लावरू को तुरंत बिहार से हटाया जाए

पटना, 23 अक्टूबर (आईएएनएस)। बिहार विधानसभा चुनाव के बीच जहां एक तरफ महागठबंधन की ओर से गुरुवार को राजद नेता तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री चेहरा घोषित किया गया। वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस से नाराज गुट ने कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम में कांग्रेस प्रभारी कृष्णा अल्लावरू के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
नाराज कांग्रेस नेताओं ने कृष्णा अल्लावरू को टिकट चोर करार दिया है। सदाकत आश्रम में कांग्रेसी कार्यकर्ता और बागी नेता उपवास सहित प्रदर्शन कर 'बिहार कांग्रेस बचाओ' का नारा दे रहे थे।
कांग्रेस नेता आनंद माधव ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि सीएम-डिप्टी सीएम तब बनेंगे, जब हम सरकार में आएंगे। कांग्रेस की वर्तमान स्थिति बहुत बुरी है। हम दहाई का आंकड़ा भी पार शायद न छू सकें। इसका मुख्य कारण कृष्णा अल्लावरु हैं, जिन्होंने बिहार में कांग्रेस को बर्बाद कर दिया है। राहुल गांधी का जो सपना था, वोटर अधिकार यात्रा के बाद 'अबकी बार महागठबंधन की सरकार वह अब समाप्त हो गया है। इसकी जांच होनी चाहिए।
उन्होंने टिकट वितरण प्रक्रिया पर आरोप लगाते हुए कहा कि कृष्णा अल्लावरु को तुरंत हटाया जाए तो डैमेज कंट्रोल संभव है।
तेजस्वी यादव के सीएम फेस की घोषणा पर उन्होंने कहा कि अगर 10 दिन पहले घोषणा कर देते तो क्या बिगड़ जाता? अच्छी-अच्छी सीटें छोड़ दी गईं।
उन्होंने आरोप लगाया है कि बिहार में बाहरी लोगों को कांग्रेस ने टिकट दिया है। यहां टिकट बेचे गए हैं। कांग्रेस खुद शर्मसार है। हम जनता का सामना नहीं कर पा रहे। कुछ बेहतर हो सकता था, अगर कृष्णा अल्लावरु को बाहर कर दिया जाता। किसी को भी इंचार्ज बना दिया गया।
उन्होंने दावा किया कि कृष्णा अल्लावरु अपने मकसद में सफल हो गया है और उसने कांग्रेस को भारी नुकसान पहुंचाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का नुकसान हमारा नुकसान भी है।
बागी नेता बंटी चौधरी और अन्य नेताओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि यह तो अभी सिर्फ आगाज है, अंजाम बहुत दूर तक जाएगा। राहुल गांधी ने वोटर अधिकार यात्रा में जो नारा दिया था, वह बेकार चला गया। 21 लोग बाहरी हैं। इन्होंने कभी कांग्रेस का झंडा नहीं उठाया, न ही कांग्रेस के लिए धरना-प्रदर्शन किया।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   23 Oct 2025 5:08 PM IST