मदन राठौड़ का कांग्रेस पर तंज, कहा- संविधान की हत्या करने वाले आज रक्षा की बात कर रहे हैं

मदन राठौड़ का कांग्रेस पर तंज, कहा- संविधान की हत्या करने वाले आज रक्षा की बात कर रहे हैं
राजस्थान प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पूरा देश जानता है कि संविधान की रक्षा किसने की है और किसने सिर्फ संविधान की हत्या करने का काम किया है। इस दौरान उन्होंने शाहबानो प्रकरण और इमरजेंसी का भी जिक्र किया।

जयपुर, 26 अक्टूबर (आईएएनएस)। राजस्थान प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पूरा देश जानता है कि संविधान की रक्षा किसने की है और किसने सिर्फ संविधान की हत्या करने का काम किया है। इस दौरान उन्होंने शाहबानो प्रकरण और इमरजेंसी का भी जिक्र किया।

मदन राठौड़ ने कहा कि भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संविधान को बचाने और उसका सम्मान करने का काम किया। राठौड़ ने याद दिलाया कि मोदी ने संसद की सीढ़ियों पर झुककर प्रवेश किया और शपथ ग्रहण से पहले संविधान को सिर पर रखकर प्रणाम किया।

उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि उसने सिर्फ संविधान को तोड़-मरोड़कर कई बार अपनी राजनीतिक जरूरतों के अनुसार बदलने का काम किया।

राजस्थान प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मदन राठौड़ ने शाहबानो प्रकरण का उदाहरण देते हुए कहा कि जब अदालत ने शाहबानो को राहत दी, तो कांग्रेस ने संविधान में संशोधन कर इस राहत को वापस ले लिया। उन्होंने कहा कि यह केवल एक उदाहरण नहीं है, बल्कि कांग्रेस ने कई बार संविधान के मूल सिद्धांतों का उल्लंघन किया।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ही संविधान की हत्या करने वाली पार्टी रही है। उन्होंने इमरजेंसी की भी याद दिलाई, जब कांग्रेस ने संविधान को पूरी तरह से नकार दिया और देश के नागरिकों से उनके मौलिक अधिकार छीन लिए। उस समय प्रेस पर प्रतिबंध लगा दिया गया और लोकतंत्र की नींव हिला दी गई।

मदन राठौड़ ने कहा कि अब कांग्रेस संविधान की बात करती है, लेकिन जब अवसर मिला, तब उसने इसे ताक पर रख दिया। उन्होंने कांग्रेस नेताओं को चेताया कि दूसरों पर आरोप लगाने से पहले उन्हें अपना इतिहास पढ़ना चाहिए और यह समझना चाहिए कि संविधान का सम्मान कैसे किया जाता है।

राठौड़ ने जोर देकर कहा कि देश की जनता जानती है कि संविधान की रक्षा और सम्मान किसने किया और किसने इसके मूल अधिकारों का हनन किया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने हमेशा संविधान की गरिमा बनाए रखी है और इसे अपने हर कदम में सम्मान दिया है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   26 Oct 2025 7:13 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story