कई समस्याओं का एक समाधान है सूर्योदय से पहले उठना, आयुष मंत्रालय ने गिनाए लाभ

कई समस्याओं का एक समाधान है सूर्योदय से पहले उठना, आयुष मंत्रालय ने गिनाए लाभ
सूर्योदय से पहले उठना स्वास्थ्य के लिए बेहद फायदेमंद है। यह एक आदत कई समस्याओं का समाधान है और जीवन में सकारात्मक बदलाव लाती है। भारत सरकार के आयुष मंत्रालय ने बताया है कि ताजी हवा से लेकर मानसिक शांति तक, सुबह जल्दी उठने के लाभ अनगिनत हैं।

नई दिल्ली, 3 नवंबर (आईएएनएस)। सूर्योदय से पहले उठना स्वास्थ्य के लिए बेहद फायदेमंद है। यह एक आदत कई समस्याओं का समाधान है और जीवन में सकारात्मक बदलाव लाती है। भारत सरकार के आयुष मंत्रालय ने बताया है कि ताजी हवा से लेकर मानसिक शांति तक, सुबह जल्दी उठने के लाभ अनगिनत हैं।

आयुष मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर बताया, "सूर्योदय से पहले उठकर अविश्वसनीय लाभ पाएं, ताजी हवा से लेकर बेहतर स्वास्थ्य तक, सूर्योदय से पहले अपना दिन शुरू करने से जिंदगी में काफी सकारात्मक बदलाव आ सकते हैं।

आयुष मंत्रालय ने लाभ गिनाते हुए बताया, "सूर्योदय से पहले की हवा सबसे शुद्ध और ऑक्सीजन से भरपूर होती है। इस समय वायु प्रदूषण कम होता है, जिससे फेफड़े स्वस्थ रहते हैं। सुबह की ताजी हवा में सांस लेने से शरीर में ऊर्जा बढ़ती है और दिन भर ताजगी बनी रहती है।"

आयुष मंत्रालय के अनुसार, सुबह जल्दी उठने से नींद, भोजन और व्यायाम का चक्र नियमित होता है। इससे पाचन तंत्र मजबूत होता है, वजन नियंत्रित रहता है और तनाव कम होता है। दिन की शुरुआत व्यवस्थित होने से पूरा दिन ताजगी भरा बनता है।

सुबह जल्दी उठने से शरीर के हार्मोन जैसे मेलाटोनिन और कोर्टिसोल का संतुलन बना रहता है। इससे नींद की गुणवत्ता बेहतर होती है और थकान दूर रहती है। यह आदत इम्यून सिस्टम को भी मजबूत करती है। यही नहीं, सुबह का शांत वातावरण मन को शांति देता है। इस समय ध्यान करने से तनाव, चिंता और अवसाद कम होता है।

मंत्रालय का कहना है कि सुबह जल्दी उठने से मानसिक स्वास्थ्य में सुधार होता है और आत्मविश्वास बढ़ता है। इसके साथ ही सूर्योदय से पहले उठने से पीनियल ग्रंथि सक्रिय होती है, जो मेलाटोनिन हार्मोन बनाती है। यह नींद को नियंत्रित करती है और उम्र बढ़ने की प्रक्रिया को धीमा करती है। इससे शरीर की बायोलॉजिकल क्लॉक सही रहती है। एक्सपर्ट के अनुसार, सूर्योदय से पहले का समय (ब्रह्म मुहूर्त) ध्यान, योग और पूजा के लिए सबसे उत्तम है। इस समय एकाग्रता बढ़ती है और आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार होता है। इससे दिन की शुरुआत सकारात्मक होती है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   3 Nov 2025 2:58 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story