नायब सैनी ने पंजाब सरकार पर साधा निशाना, इन्होंने सिर्फ अपना विकास किया जनता का नहीं
जालंधर, 7 नवंबर (आईएएनएस)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शुक्रवार को पंजाब के जालंधर पहुंचे, जहां उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ने जनता के साथ धोखा किया है। उन्होंने जो वादा जनता से किया था, उसे पूरा नहीं किया है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मीडिया से बात करते हुए कहा, "कांग्रेस हो या आम आदमी पार्टी, पंजाब के लोगों ने हर तरह की सरकार देखी है और देखा है कि कैसे हर सरकार ने विकास का वादा तो किया, लेकिन जनता को पीछे छोड़ दिया। कांग्रेस बेहद भ्रष्ट थी। आम आदमी पार्टी तो उससे भी आगे निकल गई, दोनों सार्वजनिक रूप से एक-दूसरे की आलोचना करते हैं, लेकिन पर्दे के पीछे एक हैं। पंजाब के लोग अब यह समझ गए हैं।"
उन्होंने कहा कि पहले कांग्रेस ने जनता से झूठा वादा किया था, लेकिन उस समय जनता समझ गई थी और उसे नकार दिया था। कांग्रेस के बाद आम आदमी पार्टी आई, जिसने उससे भी ज्यादा झूठा वादा किया और उसे पूरा नहीं किया है। इन लोगों ने केवल अपना विकास किया है, लेकिन जनता की एक भी समस्या का समाधान नहीं किया है, जिससे जनता की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है।
नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा की पहचान किसानों की वजह से नंबर वन पर आ गई है। सबसे बड़ी बात है कि देश के बॉर्डर पर तैनात सैनिकों की संख्या में भी हमारे हरियाणा के लोगों की संख्या सबसे ज्यादा है। इसके साथ ही हरियाणा के खिलाड़ियों ने भी प्रदेश का मान बढ़ाया है।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा, "देवी मां के इस ऐतिहासिक और पवित्र शक्तिपीठ पर आना मेरे लिए बहुत सौभाग्य की बात है, जहां प्रतिदिन हजारों लोग आशीर्वाद लेने आते हैं। आज गुरु महाराज जी की कृपा और आशीर्वाद पाकर मैं और भी अधिक भाग्यशाली महसूस कर रहा हूं। यहां पर देवी माता का जो तालाब है, उसका निर्माण कार्य भी शुरू हो रहा है। इस सेवा कार्य में सभी लोग एक साथ जुटने वाले हैं। शीघ्र ही इस तालाब का निर्माण पूरा हो जाएगा।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   7 Nov 2025 7:48 PM IST












