रानी अहिल्याबाई का शासन रामराज्य का जीवंत स्वरूप था रेखा गुप्ता

रानी अहिल्याबाई का शासन रामराज्य का जीवंत स्वरूप था रेखा गुप्ता
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बुधवार को मंडी हाउस के पास कोपरनिकस मार्ग पर एलटीजी सभागार में लोकमाता रानी अहिल्याबाई होल्कर की जन्म त्रिशताब्दी मनाई गई। इस दौरान प्रेरक नाट्य मंचन का भी आयोजन किया गया, जिसमें दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता शामिल हुई।

नई दिल्ली, 19 नवंबर (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बुधवार को मंडी हाउस के पास कोपरनिकस मार्ग पर एलटीजी सभागार में लोकमाता रानी अहिल्याबाई होल्कर की जन्म त्रिशताब्दी मनाई गई। इस दौरान प्रेरक नाट्य मंचन का भी आयोजन किया गया, जिसमें दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता शामिल हुई।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "एलटीजी सभागार में लोकमाता रानी अहिल्याबाई होल्कर की जन्म त्रिशताब्दी के उपलक्ष्य में प्रस्तुत प्रेरक नाट्य मंचन देखना एक अविस्मरणीय अनुभव रहा। रानी अहिल्याबाई का शासन रामराज्य का जीवंत स्वरूप था, जहां न्याय, करुणा, लोककल्याण और सांस्कृतिक उत्थान एक साथ प्रवाहित होते थे। काशी विश्वनाथ, केदारनाथ, सोमनाथ, त्र्यंबकेश्वर, मथुरा और हरिद्वार जैसे असंख्य तीर्थस्थलों के पुनर्निर्माण के माध्यम से उन्होंने भारत की आत्मा को पुनः जागृत किया।"

उन्होंने आगे लिखा कि लोकमाता के नारी-सशक्तिकरण के मूल्यों को आज का भारत नई शक्ति, नए आत्मविश्वास और नए सम्मान के साथ आगे बढ़ा रहा है। दिल्ली सरकार का प्रयास है कि हमारी संस्कृति, हमारी भाषा, हमारा साहित्य और हमारा इतिहास पीढ़ियों को दिशा देने वाली जीवंत प्रेरक शक्ति बनकर आगे बढ़ें। हिन्दी अकादमी तथा कला, संस्कृति एवं भाषा विभाग को हार्दिक बधाई, जिन्होंने इस नाट्य मंचन को संभव बनाया।

दिल्ली सरकार में कैबिनेट मंत्री कपिल मिश्रा ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि लोकमाता रानी अहिल्याबाई होल्कर ने मंदिरों को लेकर जिस तरह से सिद्धांत रखा था, उसी दिशा में केंद्र सरकार भी काम कर रही है। अहिल्याबाई होल्कर ने मंदिरों का पुनर्निर्माण कराया था। केंद्र की मोदी सरकार भी मंदिरों का निर्माण करा रही है।

कपिल मिश्रा ने कहा, "भारत अब आत्मनिर्भर बन रहा है। महिला सशक्तिकरण पर काम किया जा रहा है। दिल्ली सरकार मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में जनहित के काम कर रही है। प्रदेश की जनता को इसका सीधा लाभ मिल रहा है कि नहीं, इसको भी देखा जा रहा है। जहां किसी कारण से लाभ नहीं मिल पा रहा है, उसे दूर किया जा रहा है।"

भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा कि मैं इस कार्यक्रम के लिए दिल्ली सरकार को धन्यवाद देती हूं, इस तरह के कार्यक्रम होने से आज के युवाओं को काफी सीख मिलने वाली है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   19 Nov 2025 11:30 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story