झारखंड के गिरिडीह में बंदूक बनाने की अवैध फैक्ट्री पकड़ी गई, छह गिरफ्तार

झारखंड के गिरिडीह में बंदूक बनाने की अवैध फैक्ट्री पकड़ी गई, छह गिरफ्तार
झारखंड के गिरिडीह जिले की पुलिस और बिहार एसटीएफ की संयुक्त टीम ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए गांडेय थाना क्षेत्र के मंडरडीह गांव में संचालित एक मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है।

गिरिडीह, 20 नवंबर (आईएएनएस)। झारखंड के गिरिडीह जिले की पुलिस और बिहार एसटीएफ की संयुक्त टीम ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए गांडेय थाना क्षेत्र के मंडरडीह गांव में संचालित एक मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है।

टीम ने मौके से हथियार बनाने वाले छह कारीगरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि छापेमारी के दौरान फैक्ट्री से बड़ी संख्या में तैयार और अर्धनिर्मित हथियार बरामद किए गए हैं। इनमें देशी कट्टे, रिवॉल्वर, पिस्टल के पार्ट्स और कई तरह के हथियारों के बैरल एवं कैलिबर सामग्री शामिल हैं।

टीम को मौके से कई मशीनें भी मिली हैं, जिनका उपयोग हथियार निर्माण में किया जा रहा था। पुलिस का कहना है कि यह फैक्ट्री संगठित तरीके से बड़े पैमाने पर अवैध हथियारों का उत्पादन कर रही थी।

अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि यह अवैध इकाई काफी समय से इलाके में सक्रिय थी और तैयार हथियारों की सप्लाई झारखंड के कई जिलों के अलावा पड़ोसी राज्य बिहार में भी की जा रही थी। पुलिस को संदेह है कि इस नेटवर्क के तार आपराधिक गिरोहों और अंतरराज्यीय सप्लायर्स से भी जुड़े हो सकते हैं।

गिरफ्तार किए गए सभी छह कारीगर हथियार निर्माण में दक्ष बताए जा रहे हैं। संभावना जताई गई है कि इनके साथ काम करने वाले और भी लोग हैं, जो सप्लाई और फंडिंग के स्तर पर जुड़े हुए हैं। टीम अब इन सभी पहलुओं की विस्तृत जांच कर रही है।

गिरिडीह एसपी डॉ. विमल कुमार ने बताया कि मिनी गन फैक्ट्री का संचालन अत्यंत गुप्त तरीके से किया जा रहा था। फैक्ट्री ग्रामीण इलाके की एक बंद पड़ी संरचना में स्थापित की गई थी ताकि किसी को भी इसकी गतिविधियों का अंदाजा न लगे। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद इस नेटवर्क की पूरी श्रृंखला का खुलासा होने की उम्मीद है।

--आईएएनएस

एसएनसी/एबीएम

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   20 Nov 2025 4:27 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story