कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 में भारत ने कितने पदक जीते थे?
नई दिल्ली, 28 नवंबर (आईएएनएस)। भारत को कॉमनवेल्थ गेम्स 2030 की मेजबानी मिली है। गुजरात के अहमदाबाद में कॉमनवेल्थ गेम्स 2030 का आयोजन होगा। कनाडा के हैमिल्टन में 1930 में पहली बार कॉमनवेल्थ गेम्स का आयोजन हुआ था। ऐसे में भारत की मेजबानी में इस प्रतिष्ठित खेल का सौंवा वर्ष मनाया जाएगा। इसलिए यह आयोजन विशेष होगा।
भारत पहले भी कॉमनवेल्थ गेम्स का आयोजन कर चुका है। आखिरी बार 2010 में नई दिल्ली में कॉमनवेल्थ गेम्स का आयोजन हुआ था। इस वैश्विक आयोजन में भारतीय दल का प्रदर्शन अच्छा रहता है। आइए जानते हैं कि आखिरी बार भारत में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स में भारतीय दल का प्रदर्शन कैसा रहा था और भारत पदक तालिका में कितने नंबर पर रहा था।
भारत में 2010 में कॉमनवेल्थ गेम्स का आयोजन 3 से 14 अक्टूबर तक हुआ था।
भारत ने अपने घर में कॉमनवेल्थ गेम्स इतिहास का सबसे अच्छा प्रदर्शन किया था। भारतीय दल 38 स्वर्ण, 27 रजत और 36 कांस्य के साथ कुल 101 पदक लेकर दूसरे स्थान पर रहा था। 74 स्वर्ण, 55 रजत और 48 कांस्य के साथ कुल 177 पदक लेकर ऑस्ट्रेलिया पहले स्थान पर रही थी।
कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत के अब तक के प्रदर्शन पर नजर डालें तो कुल 564 पदक (203 स्वर्ण, 190 रजत, 171 कांस्य) हमारे हिस्से आए हैं। भारत पदक जीतने के मामले में ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और कनाडा के बाद चौथे स्थान पर है। भारत ने 1934 से सभी गेम्स में भाग लिया है और हाल के वर्षों में लगातार शीर्ष-5 में रहा है। शूटिंग भारत का सबसे मजबूत खेल रहा है, जिसमें 135 पदक (63 स्वर्ण) जीते गए हैं। वुशू, कुश्ती और वेटलिफ्टिंग जैसे खेलों में भी मजबूत प्रदर्शन रहा है।
कॉमनवेल्थ गेम्स 2030 में भारत 2010 के रिकॉर्ड को तोड़ सकता है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   29 Nov 2025 12:00 AM IST












