अंतरराष्ट्रीय: चीन के इस गांव में 3 साल रहे थे कन्फ्यूशियस, सरकार ने किया संरक्षित

चीन के इस गांव में 3 साल रहे थे कन्फ्यूशियस, सरकार ने किया संरक्षित
महान चीनी दार्शनिक कन्फ्यूशियस का जन्मस्थान लोगों को बरबस अपनी ओर खींच लाता है। क्योंकि चीन सरकार ने उनके रहने के स्थान, अध्यापन स्थल व मंदिरों को बहुत अच्छे ढंग से संजोकर रखा हुआ है।

बीजिंग, 8 जुलाई (आईएएनएस)। महान चीनी दार्शनिक कन्फ्यूशियस का जन्मस्थान लोगों को बरबस अपनी ओर खींच लाता है। क्योंकि चीन सरकार ने उनके रहने के स्थान, अध्यापन स्थल व मंदिरों को बहुत अच्छे ढंग से संजोकर रखा हुआ है।

कन्फ्यूशियस से संबंधित विभिन्न जगहें सांस्कृतिक और पर्यटन स्थल के रूप में विकसित की गई हैं। गौरतलब है कि उनका जन्म चीन के वसंत-शरद ऋतु काल में लू राज्य के छवीफू में हुआ था, जो अब चीन के शानतोंग प्रांत में स्थित है। हालांकि, इस क्षेत्र को लुयुआन गांव के रूप में जाना जाता है और यह माउंट नी (नीशान) की तलहटी पर है।

इस गांव का पुराना नाम छांग फिंग था, जो यहां पास की छोटी पहाड़ी की वजह से पड़ा। इसका आकार सोए हुए बुद्ध की तरह दिखता है। इस गांव को कन्फ्यूशियस का जन्मस्थान माना जाता है। इसके कारण यह क्षेत्र कन्फ्यूशियन संस्कृति और पर्यटन का केंद्र बन गया है। जहां पर बड़ी संख्या में पर्यटक और कन्फ्यूशियस के विचारों से प्रभावित लोग आते हैं।

इससे पता चलता है कि चीन के ग्रामीण इलाकों का पुनरुद्धार सांस्कृतिक तरीके से हो रहा है। गांवों को विकास की रफ्तार से जोड़ने की कवायद सफल साबित हुई है।

लुयुआन गांव, जो कि कन्फ्यूशियस की वजह से बहुत लोकप्रिय है, इस गांव में जाने का अवसर मुझे पहली बार मिला। हमें सोमवार रात 8 बजे लुयुआन गांव में ले जाया गया। मौसम बहुत गर्म था, बस से उतरते ही बारिश शुरू हो गई। मेरे साथ मौजूद अन्य लोग बारिश के कारण इस गांव का भ्रमण करने के बजाय होटल वापस जाना चाहते थे, जो कि यहां से लगभग 1 घंटा दूर था। लेकिन, मेरा मन लुयुआन में घूमने को कर रहा था, क्योंकि यह गांव बेहद सुंदर ढंग से पुनर्निर्मित किया गया है।

रात का नजारा बहुत मनमोहक और सुंदर लग रहा था। मैं बस से नीचे उतरा और वहां खड़े गाइड ने मुझसे कहा कि उनके पास छाता है, तो मैं उनके साथ धीरे-धीरे चलने लगा। लेकिन अन्य लोग बस से बाहर निकलने में घबरा रहे थे। कुछ देर बातचीत के दौरान बारिश कम हो गई और लोगों के लिए छाताओं की व्यवस्था कर ली गई। मैं खुश होकर लुयुआन में कन्फ्यूशियस से जुड़ी हुई चीजों को देखने गाइड के साथ आगे बढ़ने लगा।

हमें बताया गया कि इस गांव में कन्फ्यूशियस पैदा होने के बाद तीन साल तक रहे। इसी बीच उनके पिता का निधन हो गया और उनकी मां उन्हें छवीफू ले गई। गाइड तोंग जिंगयांग ने हमें कन्फ्यूशियस से जुड़े कुछ किस्से और कहानियां सुनाईं। उन्होंने बताया कि कन्फ्यूशियस के पिता की तीन पत्नियां और कई बच्चे थे।

गांव में विभिन्न चीज़ों को देखने और तीरंदाज़ी का अनुभव लेने के बाद रात में लुयुआन में वनछांग केंद्र के बाहर अद्धुत और मंत्रमुग्ध करने वाले शो का आनंद उठाया। इस शो को दर्जनों कलाकारों द्वारा प्रस्तुत किया गया। शो लुयुआन नदी के उद्गम आदि पर आधारित था। बताया जाता है कि हर रात को इसका आयोजन होता है।

कहा जा सकता है कि चीन में विभिन्न स्थलों को पर्यटन के साथ जोड़ते हुए शानदार ढंग से संरक्षित किया गया है। चीन लेख के साथ लगी इन तस्वीरों से आपको गांव की सुंदरता का अंदाजा खुद हो जाएगा।

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, बीजिंग)

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   8 July 2025 9:42 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story