लोकसभा चुनाव 2024: बिहार में पहले चरण की 4 लोकसभा सीटों के लिए प्रचार थमा, 19 अप्रैल को मतदान

बिहार में लोकसभा चुनाव के पहले चरण में जिन चार सीटों पर 19 अप्रैल को मतदान होना है, वहां बुधवार की शाम चुनाव प्रचार थम गया। पहले चरण में औरंगाबाद, नवादा, गया और जमुई में मतदान होना है।

पटना, 17 अप्रैल (आईएएनएस)। बिहार में लोकसभा चुनाव के पहले चरण में जिन चार सीटों पर 19 अप्रैल को मतदान होना है, वहां बुधवार की शाम चुनाव प्रचार थम गया। पहले चरण में औरंगाबाद, नवादा, गया और जमुई में मतदान होना है।

बुधवार शाम चुनाव प्रचार समाप्त होने के बाद अब पार्टी और प्रत्याशियों की नजर मतदान केंद्रों और मतदाताओं पर टिकी है। पहले चरण की चार सीटों पर कुल 38 प्रत्याशियों की साख दांव पर लगी है। इस चुनाव में एनडीए पांच दल भाजपा, जदयू, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा, लोजपा (रामविलास) और राष्ट्रीय लोक मोर्चा के साथ चुनावी मैदान में उतरी है। वहीं, महागठबंधन राजद, कांग्रेस, विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) और वामपंथी दलों के साथ चुनावी रण में है।

पहले चरण की जिन चार सीटों पर चुनाव होना है, उनमें मुख्य मुकाबला दोनों गठबंधनों के बीच लग रहा है। नवादा में निर्दलीय प्रत्याशी संघर्ष को त्रिकोणात्मक बनाने में जुटे हैं। इन सभी चार सीटों पर महागठबंधन की ओर से राजद के प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं तो एनडीए की ओर से औरंगाबाद और नवादा में भाजपा के प्रत्याशी चुनावी समर में ताल ठोंक रहे हैं तो गया में हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा और जमुई से लोजपा (रामविलास) भाग्य आजमा रही है।

गया क्षेत्र से हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के प्रत्याशी पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी का मुकाबला बिहार के मंत्री रहे कुमार सर्वजीत से है तो जमुई में भी एनडीए की ओर से लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अरुण भारती और महागठबंधन की राजद प्रत्याशी अर्चना रविदास आमने-सामने हैं। अरुण भारती पार्टी प्रमुख चिराग पासवान के बहनोई हैं।

औरंगाबाद क्षेत्र में भाजपा के टिकट पर सुशील कुमार सिंह एक बार फिर से चुनावी रण में ताल ठोंक रहे हैं। इनका सीधा मुकाबला राजद के अभय कुशवाहा से माना जा रहा है। नवादा क्षेत्र में भाजपा के विवेक ठाकुर और राजद के श्रवण कुमार आमने-सामने हैं। हालांकि, निर्दलीय विनोद यादव और गुंजन कुमार ने मैदान में उतरकर मुकाबले को रोचक बना दिया है। बिहार में लोकसभा की कुल 40 सीटें हैं और यहां सभी सात चरणों में चुनाव होने हैं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   17 April 2024 1:33 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story