चुनाव से पहले बिहार-झारखंड बॉर्डर सील, झारखंड के गढ़वा में फंसे बिहार के 50 मतदाता
गढ़वा, 10 नवंबर (आईएएनएस)। बिहार विधानसभा चुनाव के अंतिम चरण से पहले झारखंड और बिहार की सीमाएं सील कर दी गई हैं, जिससे झारखंड के गढ़वा जिले में बिहार के करीब 40 से 50 मतदाता फंस गए हैं। सोन नदी में नावों का परिचालन बंद कर दिए जाने के कारण मतदाता बिहार नहीं लौट पा रहे हैं। दोनों राज्यों की सीमाएं 9 नवंबर की शाम छह बजे से सील की गई हैं, जो 11 नवंबर को शाम पांच बजे तक बंद रहेंगी।
यह मामला गढ़वा जिले के कांडी प्रखंड स्थित श्रीनगर इलाके का है। यहां सोन नदी के उस पार बिहार का रोहतास जिला है। सामान्य दिनों में लोग नाव से नदी पार कर बिहार जाते हैं, लेकिन चुनाव के मद्देनजर सुरक्षा कारणों से नाव का संचालन रोक दिया गया है।
बिहार में 11 नवंबर को विधानसभा चुनाव के अंतिम चरण में मतदान होना है। इसे लेकर बिहार पुलिस के साथ झारखंड पुलिस भी पूरी तरह अलर्ट पर है। गढ़वा जिले के चार थाना क्षेत्र कांडी, रमकंडा, भंडरिया और बैकुंठपुर बिहार की सीमा से सटे हैं। इंटर-स्टेट मीटिंग में दोनों राज्यों के प्रशासन में सहमति बनी है कि मतदान से 72 घंटे पहले सीमाएं सील की जाएंगी।
गढ़वा में फंसे बिहार के मतदाताओं ने बताया कि वे अपने गांव लौटना चाहते हैं ताकि मतदान कर सकें, लेकिन नाव बंद होने से वे सोन नदी पार नहीं कर पा रहे हैं। नाविकों ने बताया कि थाना से आदेश मिला है कि चुनाव तक नाव का संचालन नहीं होगा।
मजिस्ट्रेट यशवंत कुमार ने बताया कि बिहार में 11 नवंबर को मतदान है, इसी कारण नाव के संचालन पर अस्थायी रोक लगाई गई है। उन्होंने कहा कि बिहार के रहने वाले लोग झारखंड में फंसे हैं, उन्हें सुरक्षा कारणों से रोका गया है।
गढ़वा के एसपी अमन कुमार ने कहा कि बिहार से सटी सभी सीमाओं पर पुलिस बल, वन विभाग और मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। बॉर्डर पर बैरिकेडिंग कर जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी जा रही है ताकि चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   10 Nov 2025 5:26 PM IST












