कांग्रेस के पास न जनाधार, न कार्यकर्ता, फिर 150 सीटें किस आधार पर मांग रही संजय निरुपम

मुंबई, 23 नवंबर (आईएएनएस)। शिवसेना नेता संजय निरुपम ने परिसीमन विधेयक को लेकर विपक्षी सांसदों को 150 करोड़ रुपए की पेशकश किए जाने संबंधी संजय राउत के आरोपों पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने राउत के आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए उन्हें चुनौती दी कि वे किसी भी सांसद को इस तरह की पेशकश किए जाने का सबूत पेश करें। निरुपम ने कहा कि यदि वे आरोप साबित नहीं कर सकते हैं तो संजय राउत को पूरे देश से माफी मांगनी चाहिए। इसके साथ ही, उन्होंने राहुल गांधी की भाजपा और आरएसएस पर की गई टिप्पणियों तथा उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर चल रही बातचीत पर भी अपनी राय रखी।
परिसीमन विधेयक के समर्थन में विपक्षी गठबंधन के कुछ दलों के आने और संजय राउत के 150 करोड़ रुपए की पेशकश के आरोप पर संजय निरुपम ने कहा कि राउत इस तरह के बड़े-बड़े आरोप लगाने के लिए कुख्यात हैं। राउत बिना किसी सबूत और आधार के बड़े आंकड़े सामने रख देते हैं। सच्चाई यह है कि इंडिया गठबंधन का हिस्सा रहे कई दल धीरे-धीरे परिसीमन विधेयक को अच्छा विधेयक मानते हुए स्वीकार कर रहे हैं और इसके समर्थन में आगे आ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास सरकार का विरोध करने के लिए कोई ठोस आधार नहीं बचा है, इसलिए इस तरह के आरोप लगाकर विधेयक को बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। निरुपम ने संजय राउत को चुनौती देते हुए कहा कि वे साबित करके दिखाएँ कि किसी भी सांसद को 150 करोड़ रुपए या इस तरह की कोई अन्य पेशकश की गई है। उन्होंने कहा कि यदि राउत अपने आरोपों को प्रमाणित नहीं कर पाते हैं तो उन्हें पूरे देश से माफी मांगनी चाहिए।
राहुल गांधी की ओर से अर्धनारीश्वर की तस्वीर साझा करने और भाजपा-आरएसएस को असभ्य, लालची और जातिवादी बताए जाने पर भी निरुपम ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि अर्धनारीश्वर की अवधारणा लगभग पांच हजार साल पुरानी है। निरुपम ने कहा कि ऐसा लगता है कि राहुल गांधी ने हाल ही में अर्धनारीश्वर के बारे में कुछ पढ़ा है या इंटरनेट अथवा व्हाट्सऐप के माध्यम से उन्हें इसके बारे में जानकारी मिली है। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति हिंदू संस्कृति और हिंदुत्व में विश्वास करता है, उसे अर्धनारीश्वर की परिकल्पना में पूरा विश्वास होगा।
उन्होंने इस अवधारणा का अर्थ समझाते हुए कहा कि इसमें पुरुष और स्त्री, दोनों के महत्व को समान रूप से स्वीकार किया गया है। उन्होंने कहा कि जितना महत्व पुरुष का है, उतना ही महत्व स्त्री का भी है। शिव शक्ति के बिना अधूरे हैं। निरुपम ने राहुल गांधी की टिप्पणी के संदर्भ में अर्धनारीश्वर को हिंदू संस्कृति का महत्वपूर्ण आधार बताया।
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर हुई संक्षिप्त बैठक पर निरुपम ने कहा कि दोनों दलों के बीच अभी से सीटों को लेकर खींचतान शुरू हो गई है। कांग्रेस करीब डेढ़ सौ सीटों की मांग कर रही है। निरुपम ने सवाल उठाया कि जब कांग्रेस के पास न पर्याप्त जनाधार है, न मतदाता और न ही कार्यकर्ता, तो वह इतनी सीटें किस आधार पर मांग रही है। उन्होंने कहा कि सपा और कांग्रेस के बीच यह विवाद आगे और बढ़ सकता है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस की मांग मान ली तो विधानसभा चुनाव में उसका भी वही हाल हो सकता है, जैसा उत्तर प्रदेश में कांग्रेस का होता रहा है। हालांकि, निरुपम ने इसे दोनों दलों का आंतरिक मामला बताते हुए कहा कि वह इस पर ज्यादा टिप्पणी नहीं करना चाहते। इसके बावजूद, उन्होंने कहा कि उन्हें दोनों पार्टियों की नीयत ठीक नहीं दिखाई दे रही है और अंततः उनके बीच विवाद सामने आएगा। निरुपम ने पिछले चुनावों में साथ आए दोनों दलों के नेताओं का जिक्र करते हुए कहा कि पहले भी दो युवराज साथ चुनाव मैदान में उतरे थे, लेकिन उसका परिणाम कुछ खास नहीं निकला था। उन्होंने उस राजनीतिक गठबंधन के नतीजे को 'नील बट्टा सन्नाटा' बताते हुए सपा-कांग्रेस की मौजूदा बातचीत पर सवाल खड़े किए।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
