1968 का माई लाई नरसंहार वियतनाम युद्ध की वह घटना जिसने दुनिया को झकझोर दिया

1968 का माई लाई नरसंहार वियतनाम युद्ध की वह घटना जिसने दुनिया को झकझोर दिया
वियतनाम युद्ध के दौरान दक्षिण वियतनाम के एक छोटे से गांव 'माई लाई' में जो हुआ, उसने दुनिया को युद्ध का क्रूर चेहरा दिखाया। इस घटना को इतिहास में माई लाई नरसंहार के नाम से जाना जाता है और इसे 20वीं सदी के सबसे विवादास्पद युद्ध अपराधों में गिना जाता है।

नई दिल्ली, 15 मार्च (आईएएनएस)। वियतनाम युद्ध के दौरान दक्षिण वियतनाम के एक छोटे से गांव 'माई लाई' में जो हुआ, उसने दुनिया को युद्ध का क्रूर चेहरा दिखाया। इस घटना को इतिहास में माई लाई नरसंहार के नाम से जाना जाता है और इसे 20वीं सदी के सबसे विवादास्पद युद्ध अपराधों में गिना जाता है।

16 मार्च 1968 को वियतनाम युद्ध के दौरान अमेरिकी सेना को यह सूचना मिली थी कि माई लाई गांव में वियतकांग विद्रोही छिपे हुए हैं। इसी आधार पर अमेरिकी सेना की एक यूनिट, जिसे “चार्ली कंपनी” कहा जाता था, को वहां तलाशी अभियान चलाने के लिए भेजा गया। इस यूनिट का नेतृत्व विलियम कैले कर रहे थे।

जब सैनिक गांव पहुंचे तो उन्हें वहां कोई संगठित प्रतिरोध नहीं मिला। इसके बावजूद सैनिकों ने गांव के लोगों को घरों से बाहर निकालना शुरू किया और धीरे-धीरे स्थिति भयावह होती चली गई। प्रत्यक्षदर्शियों और बाद की जांच रिपोर्टों के अनुसार, सैनिकों ने महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों समेत सैकड़ों निहत्थे ग्रामीणों पर गोलियां चला दीं। कई घरों को जला दिया गया और ग्रामीणों को समूहों में खड़ा कर गोली मारी गई।

बाद में सामने आए आंकड़ों के अनुसार इस घटना में लगभग 500 तक नागरिकों की मौत हुई। यह नरसंहार उस समय तुरंत सार्वजनिक नहीं हुआ। शुरुआत में अमेरिकी सेना ने इसे एक सफल सैन्य अभियान बताया, लेकिन कुछ सैनिकों और पत्रकारों की कोशिशों से सच्चाई धीरे-धीरे सामने आने लगी।

इस घटना को दुनिया के सामने लाने में अमेरिकी सैनिक ह्यू थॉमसन जूनियर की भूमिका भी महत्वपूर्ण मानी जाती है। वे हेलीकॉप्टर से इलाके का निरीक्षण कर रहे थे और उन्होंने देखा कि निहत्थे ग्रामीणों पर गोलीबारी हो रही है। उन्होंने हस्तक्षेप किया और कुछ ग्रामीणों को बचाने की कोशिश भी की।

1969 में अमेरिकी पत्रकार सेमोर हेर्ष की रिपोर्ट के बाद यह घटना वैश्विक स्तर पर सुर्खियों में आई। इसके बाद अमेरिका में व्यापक विरोध प्रदर्शन हुए और वियतनाम युद्ध को लेकर जनता की नाराजगी और बढ़ गई।

जांच के बाद कई सैनिकों के खिलाफ मुकदमा चलाया गया, लेकिन अंततः केवल विलियम कैली को दोषी ठहराया गया। उन्हें आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई, हालांकि बाद में सजा कम कर दी गई और वे कुछ वर्षों के भीतर ही रिहा हो गए।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   15 March 2026 8:39 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story