2027 का चुनाव सिर्फ यूपी में सरकार बनाने का नहीं, विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करने का चुनाव विनोद तावड़े

2027 का चुनाव सिर्फ यूपी में सरकार बनाने का नहीं, विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करने का चुनाव विनोद तावड़े
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय महामंत्री एवं उत्तर प्रदेश के प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े ने कहा कि वर्ष 2027 का विधानसभा चुनाव केवल उत्तर प्रदेश में सरकार बनाने का चुनाव नहीं है, बल्कि विकसित भारत के संकल्प को और मजबूत करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि दिल्ली का रास्ता लखनऊ से होकर जाता है, इसलिए उत्तर प्रदेश में भाजपा की बड़े अंतर से ऐतिहासिक जीत जरूरी है। पार्टी कार्यकर्ताओं को अभी से बूथ स्तर पर जुटकर 2017 की 312 सीटों वाली जीत दोहराने का लक्ष्य लेकर काम करना होगा।

लखनऊ, 30 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय महामंत्री एवं उत्तर प्रदेश के प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े ने कहा कि वर्ष 2027 का विधानसभा चुनाव केवल उत्तर प्रदेश में सरकार बनाने का चुनाव नहीं है, बल्कि विकसित भारत के संकल्प को और मजबूत करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि दिल्ली का रास्ता लखनऊ से होकर जाता है, इसलिए उत्तर प्रदेश में भाजपा की बड़े अंतर से ऐतिहासिक जीत जरूरी है। पार्टी कार्यकर्ताओं को अभी से बूथ स्तर पर जुटकर 2017 की 312 सीटों वाली जीत दोहराने का लक्ष्य लेकर काम करना होगा।

शुक्रवार को लखनऊ में आयोजित भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए विनोद तावड़े ने पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी को याद किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की राजनीतिक भूमिका देश के भविष्य की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण है। ऐसे में 2027 में भाजपा की बड़ी जीत विकसित भारत के संकल्प को मजबूती देगी।

समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए तावड़े ने प्रसिद्ध व्यंग्यकार हरिशंकर परसाई की रचना 'भेड़ और भेड़िये' का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी नए रूप और नए वादों के साथ जनता के बीच जाने की कोशिश कर रही है, लेकिन उसका वास्तविक चरित्र वही है, जिसे प्रदेश की जनता वर्ष 2017 से पहले देख चुकी है। कार्यकर्ताओं को सपा सरकार के कार्यकाल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार के दौरान कानून-व्यवस्था, विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में हुए बदलावों को जनता के सामने रखना चाहिए।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 में विपक्ष की सरकार होने के बावजूद भाजपा ने अकेले 312 विधानसभा सीटों पर जीत हासिल की थी। आज केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियां पार्टी के सामने उस ऐतिहासिक प्रदर्शन को दोहराने का अवसर लेकर आई हैं। इसके लिए बूथ स्तर पर माइक्रो मैनेजमेंट, घर-घर संपर्क और संगठन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन बेहद जरूरी है। तावड़े ने कहा कि भाजपा सरकार की योजनाएं केवल विकास के आंकड़ों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि गरीबों, किसानों और जरूरतमंद परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं।

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का उल्लेख करते हुए उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे योजनाओं से लाभान्वित लोगों के जीवन में आए बदलाव की वास्तविक कहानियां जनता तक पहुंचाएं। स्वर्गीय प्रमोद महाजन की जयंती पर उन्हें याद करते हुए तावड़े ने कहा कि भाजपा का उद्देश्य हर गरीब के घर तक विकास की लक्ष्मी पहुंचाना है। कार्यकर्ताओं की मेहनत, समर्पण और एकजुटता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत है।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'वी विल डू इट' संदेश का उल्लेख करते हुए कार्यकर्ताओं से इसी संकल्प के साथ अपने-अपने क्षेत्रों में लौटने का आह्वान किया। तावड़े ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने संगठन के सामने जो लक्ष्य रखा है, उसे हासिल करने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर काम करना होगा।

उन्होंने विश्वास जताया कि कार्यकर्ताओं के सामूहिक प्रयास और संगठन की ताकत के दम पर भाजपा वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में 2017 की 312 सीटों वाली ऐतिहासिक जीत को दोहराने में सफल होगी।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story