21 दिन की फरलो पूरी होने के बाद सुनारिया जेल लौटे राम रहीम, 2017 से काट रहे हैं सजा
रोहतक, 16 सितंबर (आईएएनएस)। डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह की 21 दिन की फरलो बुधवार को समाप्त हो गई। फरलो अवधि पूरी होने के बाद वह शाम करीब 4:55 बजे रोहतक स्थित सुनारिया जेल वापस लौट गए।
राम रहीम को 25 अगस्त को 21 दिनों की फरलो दी गई थी। इस दौरान वह सिरसा स्थित डेरा सच्चा सौदा आश्रम में रहे। फरलो के दौरान डेरा परिसर में अनुयायियों की आवाजाही और गतिविधियां रहीं।
सुरक्षा कारणों को ध्यान में रखते हुए राम रहीम की वापसी का समय और यात्रा कार्यक्रम सार्वजनिक नहीं किया गया था। पुलिस और प्रशासन ने भी पूरे घटनाक्रम के दौरान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी। बताया गया कि किसी भी तरह की अव्यवस्था से बचने के लिए उन्हें सुरक्षा घेरे में गुप्त रूप से सुनारिया जेल ले जाया गया।
बता दें कि वर्ष 2017 से सजा काट रहे राम रहीम को अब तक कुल 17 बार पैरोल या फरलो मिल चुकी है। वर्ष 2026 में यह उनकी तीसरी अस्थायी रिहाई थी। इससे पहले उन्हें जनवरी में 40 दिनों की पैरोल और मई में 30 दिनों की पैरोल मिली थी।
राम रहीम दो साध्वियों से दुष्कर्म मामले में 20 वर्ष की सजा और पत्रकार रामचंद्र छत्रपति हत्याकांड में उम्रकैद की सजा भुगत रहे हैं। वह 2017 से रोहतक की सुनारिया जेल में बंद हैं।
राम रहीम को बार-बार पैरोल और फरलो दिए जाने को लेकर विपक्षी दल लगातार सरकार पर सवाल उठाते रहे हैं। विपक्ष का आरोप रहा है कि हर बार रिहाई के फैसले को लेकर पारदर्शिता और उसके समय को लेकर विवाद खड़ा होता है।
इस बार मिली फरलो का भी कई संगठनों और व्यक्तियों ने विरोध किया था। सिख धर्म की सर्वोच्च संस्था अकाल तख्त ने इस पर आपत्ति जताते हुए बंदी सिख कैदियों की रिहाई का मुद्दा उठाया था। अकाल तख्त के जत्थेदार कुलदीप सिंह गर्गज ने सवाल किया था कि लंबे समय से जेलों में बंद सिख कैदियों की रिहाई लंबित है, जबकि राम रहीम को बार-बार पैरोल और फरलो का लाभ दिया जा रहा है।
वहीं, पत्रकार रामचंद्र छत्रपति के पुत्र अंशुल छत्रपति ने भी इस फैसले का विरोध करते हुए कहा था कि बार-बार अस्थायी रिहाई मिलने से पीड़ित परिवारों में असुरक्षा की भावना पैदा होती है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   16 Sept 2026 6:56 PM IST












