आर्टिकल 370 हटाए जाने के सात साल जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में निकली भव्य तिरंगा रैली

आर्टिकल 370 हटाए जाने के सात साल  जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में निकली भव्य तिरंगा रैली
जम्मू-कश्मीर से आर्टिकल 370 हटाए जाने के सात साल पूरे होने पर बुधवार को उधमपुर में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश देने के उद्देश्य से युवाओं और छात्रों ने 200 मीटर लंबे राष्ट्रीय ध्वज के साथ भव्य तिरंगा रैली निकाली। रैली में बड़ी संख्या में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और हाथों में तिरंगा लेकर देश की एकता, अखंडता और संविधान के प्रति प्रतिबद्धता व्यक्त की।

उधमपुर, 5 अगस्त (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर से आर्टिकल 370 हटाए जाने के सात साल पूरे होने पर बुधवार को उधमपुर में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश देने के उद्देश्य से युवाओं और छात्रों ने 200 मीटर लंबे राष्ट्रीय ध्वज के साथ भव्य तिरंगा रैली निकाली। रैली में बड़ी संख्या में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और हाथों में तिरंगा लेकर देश की एकता, अखंडता और संविधान के प्रति प्रतिबद्धता व्यक्त की।

रैली का उद्देश्य 5 अगस्त 2019 को केंद्र सरकार द्वारा किए गए संवैधानिक बदलावों को याद करना और युवाओं के बीच राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करना था। रैली रामनगर चौक से शुरू होकर शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए सलेतला तक पहुंची और फिर वापस अपने प्रारंभिक स्थान पर समाप्त हुई।

रैली में शामिल कुलविंदर सिंह ने कहा कि 5 अगस्त 2019 को भारत सरकार ने जम्मू-कश्मीर पुनर्गठन अधिनियम लागू किया था। इससे पहले आर्टिकल 370 के तहत जम्मू-कश्मीर को विशेष दर्जा प्राप्त था, उसका अलग संविधान और अलग ध्वज था। आर्टिकल 370 हटने के बाद जम्मू-कश्मीर में भी भारतीय संविधान पूरी तरह लागू हुआ और राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे को समान रूप से अपनाया गया। इसी ऐतिहासिक निर्णय की स्मृति में करीब 200 मीटर लंबे तिरंगे के साथ यह रैली निकाली गई।

रैली में शामिल एक अन्य युवक ने कहा कि 5 अगस्त 2019 को आर्टिकल 370 हटाए जाने के उपलक्ष्य में उधमपुर के युवा एकजुट होकर तिरंगा रैली निकाल रहे हैं। पहले जम्मू-कश्मीर का अलग संविधान था, लेकिन संवैधानिक परिवर्तन के बाद पूरे देश में एक समान संविधान लागू हुआ। इसी बदलाव के सम्मान में युवा तिरंगे के साथ अपनी भागीदारी दर्ज करा रहे हैं। युवक ने दावा किया कि 370 हटने के बाद प्रदेश में आतंकवाद और पत्थरबाजी की घटनाओं में कमी आई है। पहले विशेषकर श्रीनगर क्षेत्र में आतंकवाद और पत्थरबाजी की घटनाएं अधिक होती थीं, लेकिन अब स्थिति पहले की तुलना में काफी बेहतर हुई है। इसी सकारात्मक बदलाव को ध्यान में रखते हुए युवा इस आयोजन में उत्साह के साथ शामिल हुए हैं।

एक अन्य प्रतिभागी ने कहा कि पहले जब जम्मू-कश्मीर के लोग देश के अन्य राज्यों में जाते थे तो अलग संविधान और अलग ध्वज के कारण उन्हें अलग नजरिए से देखा जाता था। आर्टिकल 370 हटने के बाद अब पूरा देश एक संविधान और एक राष्ट्रीय ध्वज के तहत जुड़ गया है, जिससे युवाओं में गर्व और आत्मविश्वास की भावना बढ़ी है। आज बड़ी संख्या में युवा पूरे उत्साह के साथ 200 मीटर लंबे तिरंगे को सम्मानपूर्वक लेकर चल रहे हैं। यह युवाओं के राष्ट्र के प्रति समर्पण और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है। इस तरह के आयोजन युवाओं में देशभक्ति की भावना को मजबूत करते हैं।

युवाओं को संदेश देते हुए प्रतिभागियों ने कहा कि प्रत्येक नागरिक को भारत को सर्वोपरि रखते हुए अपने कर्तव्यों का पालन करना चाहिए। उनका कहना था कि देश की एकता, अखंडता और संविधान का सम्मान करना हर नागरिक की जिम्मेदारी है और युवा पीढ़ी को इसी भावना के साथ आगे बढ़ना चाहिए।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   5 Aug 2026 6:48 PM IST

Tags

Next Story